रूसी हमले में 4 भारतीय नाविकों की मौत, भारत ने दर्ज कराया विरोध
नई दिल्ली । डेस्क: यूक्रेन युद्ध के बीच ओडेसा तट के पास एक मर्चेंट पोत पर हुए रूसी मिसाइल हमले में चार भारतीय नाविकों की दुखद मौत हो गई. इस घटना के बाद भारत सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए मंगलवार को नई दिल्ली स्थित रूसी दूतावास के प्रभारी (चार्ज डी अफेयर्स) को तलब किया और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया.
रूस-यूक्रेन संघर्ष की शुरुआत के बाद से यह पहला मामला है, जब किसी हमले में भारतीय नाविकों की जान गई है.
विदेश मंत्रालय (MEA) ने रूसी राजनयिक को स्पष्ट रूप से कहा कि वाणिज्यिक जहाजों और निर्दोष असैन्य कर्मियों को निशाना बनाना पूरी तरह से अस्वीकार्य है.
विदेश मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 19 जुलाई की शाम 'एमवी गोल्डन लियो' (MV Golden Leo) नाम का मालवाहक जहाज ओडेसा बंदरगाह से रवाना हो रहा था, तभी उसे निशाना बनाया गया. गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले इस जहाज पर कुल 17 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक भी शामिल थे.
इस हमले में चार भारतीय नागरिकों की जान चली गई, जबकि एक भारतीय गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है. यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबीहा और यूक्रेनी वायु सेना के मुताबिक, वाणिज्यिक समुद्री गलियारे से गुजर रहे इस जहाज पर रूस की ओर से क्रूज मिसाइल से हमला किया गया था.
भारत ने हमले की कठोर शब्दों में निंदा करते हुए दोहराया है कि वाणिज्यिक नौवहन को निशाना बनाना, निर्दोष नागरिकों की जान जोखिम में डालना और नेविगेशन की स्वतंत्रता में बाधा उत्पन्न करना निंदनीय है तथा इससे बचा जाना चाहिए.
विदेश मंत्रालय ने मृतक नाविकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायल नागरिक के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. यूक्रेन में मौजूद भारतीय मिशन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है.