सूरजपुर में 7 लोगों पर गिरी गाज, 1 की मौत
सूरजपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पंचायत सभा के दौरान 7 लोगों पर आकाशीय बिजली गिर गई. इस हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए हैं.
घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं. सभी घायलों को कोरिया जिले के सोनहत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के मुताबिक घटना ओड़गी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पालकेवरा की है. गांव में पंचायत की आम सभा लगी हुई थी.
सभा में ग्राम सरपंच मुकदेव चेरवा, सचिव पनालाल सिंह और जनपद सदस्य समेत अनेक ग्रामीण मौजूद थे. इस बीच गांव के कुछ लोग पंचायत सचिव के पास दस्तावेज अपडेट कराने पहुंचे थे.
इसी दौरान सभी लोग पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी अचानक आकाशीय बिजली गिर गई. हादसे में विजय चेरवा की जान चली गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए.
घायलों में तीन महिलाएं, एक बच्ची और दो अन्य लोग शामिल हैं. घायलों में से चार को कोरिया जिले के सोनहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
वहीं दो बच्चों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में जारी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिजनों को तत्काल मुआवजा दिया जाए.