ओडिशा से छत्तीसगढ़ तस्करी के 700 बोरी धान जब्त
नुआपाड़ा । डेस्क: ओडिशा के नुआपाड़ा जिले में प्रशासन ने अवैध धान तस्करी के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाकर 700 से अधिक बोरियों का भंडार जब्त किया है. यह कार्रवाई सिनापाली ब्लॉक के झारबंद पंचायत अंतर्गत सियालालाटी गांव में की गई.
आपूर्ति अधिकारी देबेंद्र कुमार सेठिया को सूचना मिली थी कि सीमावर्ती इलाके में धान का भारी स्टॉक जमा किया गया है, जिसे अवैध रूप से छत्तीसगढ़ भेजने की तैयारी है.
गश्त के दौरान जब अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो वहां सैकड़ों की संख्या में धान की बोरियां लावारिस हालत में मिलीं. स्थानीय निवासियों से पूछताछ के बाद भी धान के स्वामित्व को लेकर कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी.
प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस धान को सीमा पार तस्करी के लिए इकट्ठा किया गया था. राजस्व निरीक्षक अरुण अग्रवाल ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
जब्त किए गए धान को सुरक्षा के लिहाज से पास की एक राइस मिल को सौंप दिया गया है. जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों राज्यों के व्यापारियों का एक नेटवर्क इस तरह के अवैध खेल में शामिल है.
हालांकि, फिलहाल इस स्टॉक का असली मालिक कौन है, इसकी पहचान नहीं हो पाई है. प्रशासन ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है ताकि आगामी दिनों में इस तरह की गतिविधियों पर लगाम कसी जा सके.