रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

झारखंड शराब घोटाले की जांच अब सीबीआई करेगी

H

Hupendra Sharma

06 मई 2025, 03:10 PM 2 मिनट में पढ़ें 14

 शराब
शराब

रायपुर | संवाददाताः झारखंड शराब घोटाले की जांच अब सीबीआई करेगी. इस मामले की जांच पहले छत्तीसगढ़ की आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा यानी ईओडब्ल्यू कर रही थी. लेकिन झारखंड के अधिकारियों द्वारा सहयोग नहीं मिलने के कारण इसे केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंप दिया गया है.


राज्य सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है. शराब नीति में हेरफेर कर 450 करोड़ रुपए की गड़बड़ी का आरोप है.

विज्ञापन


यह घोटाला झारखंड में आबकारी नीति में बदलाव के जरिए रचा गया था. जिसकी पूरी योजना छत्तीसगढ़ में बनी थी.


आरोप है कि छत्तीसगढ़ से नकली होलोग्राम के जरिए शराब की आपूर्ति झारखंड में की गई. इससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाया गया. 


बीसीआई की टीम एफआईआर और चार्जशीट के आधार पर झारखंड में नए सिरे से जांच की शुरुआत करेगी. ईओडब्ल्यू ने पिछले साल इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी.


इस मामले में पूछताछ और गिरफ्तारी की संभावनाएं जताई जा रही है. जांच के घेरे में कई बड़े नाम भी शामिल हैं. 


छत्तीसगढ़ से रैकेट का संचालन

झारखंड की नई शराब नीति को छत्तीसगढ़ की तर्ज पर तैयार किया गया था. एफएल-10 ए लाइसेंस मॉडल के तहत ठेका प्रणाली को खत्म कर एक खास एजेंसी को आपूर्ति का जिम्मा सौंपा गया था.


आरोप है कि इस पूरी व्यवस्था के पीछे एक संगठित सिंडिकेट था, जिसने नकली होलोग्राम से करोड़ों की अवैध कमाई की.


यह घोटाला साल 2019 से 2022 के बीच सरकारी शराब दुकानों के जरिए किया गया था.


ईडी की जांच में सामने आया कि इस पूरे रैकेट का संचालन छत्तीसगढ़ से हुआ. ईडी ने पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए इस घोटाले को उजागर किया.


इनके खिलाफ अपराध दर्ज

ईओडब्ल्यू ने झारखंड शराब घोटाला मामले में जिन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है, उनमें अनवर ढेबर, अरूणपति त्रिपाठी, अनिल टुटेजा, निरंजन दास के अलावा सिद्धार्थ सिंघानिया, विधु गुप्ता, झारखंड के आबकारी सचिव विनय कुमार चौबे, ज्वाइंट कमिश्नर गजेंद्र सिंह तथा अन्य के नाम शामिल हैं.


छत्तीसगढ़ के पूर्व आबकारी सचिव अरुण पति त्रिपाठी को झारखंड में नई शराब नीति के लिए सलाहकार नियुक्त किया गया था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP