चैतन्य बघेल जेल से रिहा, विस्तार से जानें अदालत का फैसला
चैतन्य बघेल जेल से रिहा
रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल जमानत की औपचारिक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब 170 दिन बाद रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा हुए. जेल से रिहाई के बाद जब वे अपने घर के लिए रवाना हुए, तो रास्ते में समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे सड़क पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई.
चैतन्य की रिहाई से पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भावुक होते हुए कहा कि 18 जुलाई को चैतन्य को उनके जन्मदिन के दिन गिरफ्तार किया गया था और आज उनके पोते के जन्मदिन पर उनकी रिहाई हो रही है. उन्होंने इसे परिवार के लिए भावनात्मक क्षण बताया.
रायपुर सेंट्रल जेल के बाहर भूपेश बघेल स्वयं कार चलाकर पहुंचे और अपने बेटे को रिसीव किया.
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही चैतन्य बघेल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और छत्तीसगढ़ एंटी करप्शन ब्यूरो/आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा की ओर से दर्ज मामलों में जमानत मिली है. ईडी ने उन्हें पिछले साल जुलाई में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया था. इसके बाद सितंबर में भ्रष्टाचार से जुड़े एक अन्य मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने उन्हें उस समय गिरफ्तार किया, जब वे पहले से ही जेल में बंद थे.
जांच एजेंसियों के मुताबिक यह कथित शराब घोटाला वर्ष 2019 से 2022 के बीच हुआ, जिससे राज्य के सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा. ईडी का आरोप है कि चैतन्य बघेल इस पूरे शराब सिंडिकेट के संरक्षक थे और उन्होंने लगभग एक हजार करोड़ रुपये के लेन-देन को व्यक्तिगत रूप से संभाला. वहीं एंटी करप्शन ब्यूरो का दावा है कि चैतन्य बघेल को हिस्सेदारी के रूप में करीब 200 से 250 करोड़ रुपये मिले और इस पूरे घोटाले की कुल राशि 3,200 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है.
बेटे को जमानत मिलने के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि यह सत्य की जीत है. उन्होंने कहा कि सत्य को परेशान किया जा सकता है, लेकिन पराजित नहीं किया जा सकता.
अदालत ने क्या कहा था
इससे पहले शुक्रवार को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने जमानत देते हुए अपने आदेश में बहुत विस्तार से यह समझाया कि वह किन वजहों से इस नतीजे पर पहुंची और क्यों राज्य सरकार व जांच एजेंसियों की कार्रवाई उसे कानून की कसौटी पर कमजोर लगी. अदालत ने साफ किया कि वह इस आदेश के जरिए यह तय नहीं कर रही है कि आरोपी दोषी है या निर्दोष, लेकिन जमानत के स्तर पर यह देखना अदालत की जिम्मेदारी है कि किसी व्यक्ति को जेल में रखने की ज़रूरत वाकई थी या नहीं, और क्या उसकी गिरफ्तारी और हिरासत संविधान और कानून के मुताबिक हुई.
अदालत ने सबसे पहले पूरे मामले की पृष्ठभूमि पर गौर किया. उसने बताया कि यह जांच 2019 से 2023 के बीच कथित शराब घोटाले से जुड़ी है, जिसमें ईडी की चिट्ठी के आधार पर ईओडब्ल्यू/एसीबी ने एफआईआर दर्ज की थी. हाईकोर्ट ने खास तौर पर नोट किया कि एफआईआर में चैतन्य बघेल का नाम नहीं था और काफी लंबे समय तक चली जांच के बावजूद वह मुख्य आरोपियों की सूची में नहीं थे. जांच लगभग 21 महीने चली, इस दौरान मुख्य चार्जशीट और कई सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल हो चुकी थीं. अदालत ने कहा कि जब जांच इस हद तक आगे बढ़ चुकी थी, तब अचानक आरोपी की गिरफ्तारी यह सवाल खड़ा करती है कि क्या हिरासत वास्तव में जरूरी थी.
हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी को लेकर बेहद अहम टिप्पणी की. अदालत ने कहा कि कानून के मुताबिक गिरफ्तारी कोई सामान्य प्रक्रिया नहीं है, बल्कि आखिरी उपाय है. नई बीएनएसएस व्यवस्था और सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों के अनुसार पुलिस को यह दिखाना होता है कि बिना गिरफ्तारी के जांच आगे नहीं बढ़ सकती, आरोपी के फरार होने का खतरा है, वह सबूतों से छेड़छाड़ कर सकता है या गवाहों को प्रभावित कर सकता है. अदालत के मुताबिक, राज्य और पुलिस इनमें से किसी भी बिंदु पर ठोस सामग्री पेश नहीं कर पाए. जांच एजेंसी खुद यह स्वीकार कर चुकी थी कि आरोपी से पूछताछ कुछ ही घंटों में पूरी हो गई और उसकी हिरासत से कोई नई बरामदगी या नया खुलासा नहीं हुआ. ऐसे में अदालत ने कहा कि हिरासत किसी जांच की जरूरत से नहीं, बल्कि एक यांत्रिक कदम की तरह दिखाई देती है.
अदालत ने यह भी कहा कि इस मामले में जांच मुख्य रूप से दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड पर आधारित है. अधिकांश दस्तावेज पहले ही ईडी और राज्य एजेंसियों के कब्जे में थे. ऐसे मामलों में यह तर्क देना कि आरोपी बाहर आकर सबूत नष्ट कर देगा, अपने आप में कमजोर है. कोर्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि केवल अंदेशा या आशंका के आधार पर किसी व्यक्ति को जेल में नहीं रखा जा सकता.
राज्य और पुलिस की सबसे बड़ी गड़बड़ी पर अदालत की टिप्पणी और भी सख्त रही. हाईकोर्ट ने कहा कि चार्जशीट दाखिल होने के बाद “आगे की जांच” करने के लिए कानून अदालत से पूर्व अनुमति लेने की बात करता है, ताकि जांच मनमाने ढंग से न चले. लेकिन इस मामले में एजेंसी ने एक के बाद एक कई सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कीं, नए आरोपियों को जोड़ा, और कहीं भी यह नहीं दिखाया कि इसके लिए विधिवत अनुमति ली गई. अदालत ने इसे एक “सिस्टमिक खामी” बताया और कहा कि इस तरह की प्रक्रिया न केवल आरोपी के अधिकारों का उल्लंघन करती है, बल्कि पूरे अभियोजन को भी कमजोर कर देती है.
हाईकोर्ट ने यह भी गौर किया कि जिस समय गिरफ्तारी की गई, उस समय जांच एजेंसियों के पास पहले से ही काफी सामग्री मौजूद थी. अगर एजेंसी को आरोपी की भूमिका पहले से पता थी, तो इतने लंबे समय तक उसे गिरफ्तार न करना और फिर अचानक हिरासत में लेना, अदालत की नजर में संदेह पैदा करता है. सुप्रीम कोर्ट के पुराने फैसलों का हवाला देते हुए अदालत ने कहा कि ऐसी गिरफ्तारी दुर्भावना या “टाइमिंग की गड़बड़ी” की श्रेणी में आ सकती है, और अदालतें ऐसे मामलों में आंख मूंदकर राज्य की दलीलों को स्वीकार नहीं कर सकतीं.
गवाहों को प्रभावित करने के आरोपों पर भी अदालत ने विस्तार से बात की. कोर्ट ने माना कि राज्य ने यह तर्क दिया कि आरोपी प्रभावशाली परिवार से है और उसका राजनीतिक रसूख है, लेकिन अदालत ने कहा कि सिर्फ प्रभावशाली होना अपने आप में जमानत न देने का आधार नहीं बन सकता. जब तक यह नहीं दिखाया जाए कि आरोपी ने सच में गवाहों को डराया, धमकाया या ऐसा करने की कोशिश की, तब तक यह आशंका कानूनी रूप से कमजोर मानी जाएगी. अदालत ने यह भी जोड़ा कि अगर भविष्य में आरोपी जमानत की शर्तों का उल्लंघन करता है, तो राज्य के पास जमानत रद्द कराने का पूरा अधिकार रहेगा.
अदालत ने लंबे ट्रायल के पहलू को भी अहम माना. उसने कहा कि मामले में आरोपी, गवाह और दस्तावेजों की संख्या बहुत ज्यादा है और ट्रायल के जल्दी खत्म होने की कोई वास्तविक संभावना नहीं दिखती. ऐसी स्थिति में किसी व्यक्ति को अनिश्चित काल तक जेल में रखना, जबकि वह अभी दोषी साबित नहीं हुआ है, संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत उसकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता का उल्लंघन होगा. कोर्ट ने साफ कहा कि जेल में लंबी हिरासत धीरे-धीरे सजा का रूप ले लेती है, जो कानून की भावना के खिलाफ है.
हाईकोर्ट इस निष्कर्ष पर पहुंची कि राज्य और पुलिस गिरफ्तारी, आगे की जांच और हिरासत को सही ठहराने में कानूनन अपेक्षित कसौटियों पर असफल रहे. अदालत ने दोहराया कि “जमानत नियम है और जेल अपवाद”, और इस मामले में जमानत से इनकार करने के लिए कोई असाधारण कारण सामने नहीं आया. इन्हीं वजहों से अदालत ने सख्त शर्तों के साथ चैतन्य बघेल को जमानत देने का फैसला किया, साथ ही यह स्पष्ट कर दिया कि यह आदेश मामले के गुण-दोष पर कोई अंतिम टिप्पणी नहीं है.