छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली स्थगित
बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस की राज्य स्तरीय संविधान बचाओ रैली को स्थगित कर दिया गया है. यह रैली गुरुवार को बिलासपुर में आयोजित होने वाली थी.
इस रैली में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट भी शामिल होने वाले थे. बताया जा रहा है कि देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए फिलहाल यह निर्णय लिया गया है.
बिलासपुर से इसकी शुरुआत होने वाली थी. बिलासपुर के बाद सभी जिलों में रैली निकालने का कार्यक्रम तय किया गया था. बिलासुपर में इस रैली की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री उमेश पटेल को सौंपी गई थी.
प्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दबाव में आकर जातीय जनगणना कराने के लिए यू-टर्न लिया है. पहले भाजपा के नेता ही जातिगत जनगणना को देश की साज़िश कहते थे. अब वही इसे मोदी का मास्टरस्ट्रोक बता रहे हैं.
इसलिए कांग्रेस पार्टी इस मांग पर जीत होने पर विजय सभा के रूप में संविधान बचाओ रैली करने का फैसला लिया था. यह फैसला पार्टी हाईकमान के निर्देश पर किया गया था.