राजधानी में VIP भी नहीं सुरक्षित! मॉर्निंग वॉक के दौरान धरमलाल कौशिक बने लुटेरों का शिकार
रायपुर | संवाददाता: राजधानी रायपुर में बीजेपी नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट का शिकार हो गए. घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी ब्रिज के पास की है, जहां बाइक सवार झपटमार उनके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए.
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह धरमलाल कौशिक रोज की तरह पैदल टहल रहे थे. इसी दौरान बाइक पर पहुंचे बदमाशों ने तेजी से उनके हाथ से मोबाइल झपटा और मौके से भाग निकले. वारदात इतनी अचानक हुई कि वे संभल भी नहीं सके. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
मामले की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों ने संभवतः पहले से रेकी की थी और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल बदमाशों की तलाश जारी है.
इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. खास बात यह है कि जिस शहर में वीआईपी मूवमेंट और हाई अलर्ट की स्थिति बनी रहती है, वहीं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जैसे वरिष्ठ नेता भी सुरक्षित नहीं हैं. ऐसे में आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक माना जा रहा है.
घटना के बाद कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने रायपुर कमिश्नरेट सिस्टम की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं तक के साथ आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, जिससे साफ है कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो चुका है.
उन्होंने आरोप लगाया कि कमिश्नरी व्यवस्था लागू होने के बाद राजधानी में अपराध लगातार बढ़े हैं. अपराध नियंत्रण और सुरक्षा मजबूत करने के बड़े दावों के बावजूद चोरी, लूट और झपटमारी जैसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं.
सुशील आनंद शुक्ला ने तंज कसते हुए कहा कि कमिश्नरेट पुलिस का ध्यान अपराध रोकने से ज्यादा वाहन चालकों को चालान भेजने में दिखाई देता है. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि राजधानी में वरिष्ठ राजनीतिक नेता ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगी.