कांग्रेसी देश और सेना का विरोध ना करें- शिवराज
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सियासत तेज हो गई है. ऑपरेशन सिंदूर से पूरा देश गौरवान्वित है.
उन्होंने कहा कि सेना की वीरता और उनके सटीक निशाने को सलाम करता हूं. पाकिस्तान ड्रोन छोड़ रहा था, लेकिन हमारे जवानों ने उसे तिनके की तरह उड़ा दिया. आतंकवादियों ने पहलगाम में नरसंहार किया, तो हमारी सेना ने पाकिस्तान केआतंकवादी ठिकानों को नष्ट कर दिया. पाकिस्तान के ऐसे और कई हिस्से थे जो हमारे लक्ष्य से दूर नहीं थे.
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से चर्चा करते हुए विपक्ष के सवालों का करारा जवाब दिया. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी केन्द्र सरकार से कुछ सवाल पूछे थे उसका भी उन्होंने जवाब दिया.
उन्होंने कहा कि विपक्ष को पीएम मोदी का विरोध करते-करते देश और सेना के खिलाफ नहीं होना चाहिए. आपको याद होगा कि जब पिछली सरकार (कांग्रेस सरकार) थी, तब मोर आवास-मोर अधिकार आंदोलन चला था. पुरानी सरकार के मुखिया ने अपने पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री के कहने के बावजूद प्रधानमंत्री आवास की धनराशि आवंटित नहीं की.
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने पीएम आवास योजना की राशि भेजी लेकिन वह राशि राज्य सरकार ने खर्च नहीं की और इसका परिणाम यह हुआ कि लाखों पात्र हितग्राही लाभ से वंचित रह गए. गरीब को घर न देना एक पाप था.
उन्होंने कहा कि उस समय भाजपा ने संघर्ष किया और वचन दिया था कि उसकी सरकार बनने पर वह सभी हितग्राहियों को आवास देगी. आज मेरे मन में संतोष है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की जनता से किया वादा हमने निभाया.
उन्होंने कहा कि हमने 8.47 लाख आवास आवंटित किए. फिर और आवास की आवश्यकता पड़ी, तो 3.03 लाख आवास हमने दुर्ग के कार्यक्रम में आवंटित किया. 2018 की आवास प्लस की सूची में अब केवल तीन लाख 767 हितग्राही बचे थे. आज मैं मुख्यमंत्री को शेष आवास की स्वीकृति का पत्र सौंपूंगा. इसके बाद सभी हितग्राही के पास आवास उपलब्ध हो जाएगा.
उन्होंने कहा कि नक्सल हिंसा से प्रभावितों को पीएम आवास योजना का लाभ मिल रहा है. आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों को भी पीएम आवास योजना का लाभ दिया जा रहा है. नक्सल क्षेत्र के लिए 15 हजार मकान स्वीकृति किए गए हैं.
उन्होंने कहा कि सरकार ने नया सर्वेक्षण फिर से शुरू कर दिया है. जो पात्र लोग वंचित रह गए उन्हें वंचित नहीं रहने दिया जाएगा.
मंत्रालय में कृषि विभाग की समीक्षा
इससे पहले मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार की सुबह रायपुर में मंत्रालय पहुंचे. यहां पंचायत, ग्रामीण विकास एवं कृषि विभाग की समीक्षा की.
बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और कृषि मंत्री राम विचार नेताम मौजूद रहे. मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क और कृषि विभाग की योजनाओं के कामकाज को लेकर बातचीत की गई.
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए खेती के साथ पशुपालन, फूलों की खेती, फलों की खेती, सब्जियों की खेती, ऑर्गेनिक खेती अलग-अलग जितने पहलू है सब जोड़कर एक एकीकृत खेती का मॉडल योजना बनाएंगे.
केंद्रीय मंत्री ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों में शुरू किए गए ‘अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों’ की सराहना की और इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी कदम बताया. उन्होंने कहा कि इस नवाचार का अध्ययन कर इसे दूसरे राज्यों में भी लागू किया जाएगा.