इथेनॉल पेट्रोल विवाद: उपभोक्ता आयोग ने मारुति सुज़ुकी को नई कार देने का दिया आदेश
रायपुर | संवाददाता: देश में ई20 मिश्रित इथेनॉल पेट्रोल को लेकर जारी चर्चाओं के बीच छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक महत्वपूर्ण मामला सामने आया है. रायपुर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने एक उपभोक्ता की शिकायत पर फैसला सुनाते हुए मारुति सुज़ुकी इंडिया लिमिटेड को नई कार देने के निर्देश जारी किए हैं.
आयोग ने अपने आदेश में कहा है कि कंपनी शिकायतकर्ता को 45 दिनों के भीतर उसी मॉडल की नई, ई20 ईंधन के अनुरूप कार उपलब्ध कराए. यदि निर्धारित समय सीमा में नई कार नहीं दी जाती है, तो कंपनी को वाहन की पूरी कीमत सहित कुल 20,50,494 रुपये का भुगतान करना होगा.
इसके अलावा आयोग ने उपभोक्ता को हुई मानसिक पीड़ा के लिए एक लाख रुपये का मुआवजा और मुकदमे के खर्च के रूप में 10 हजार रुपये देने का भी निर्देश दिया है.
वहीं, जिस अधिकृत मारुति सुज़ुकी डीलरशिप से वाहन खरीदा गया था, उसने आयोग के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि कार में आई तकनीकी खराबी किसी निर्माण दोष की वजह से नहीं, बल्कि बाहरी कारणों से हुई थी. डीलरशिप का दावा था कि ऐसी परिस्थितियां वाहन की वारंटी के दायरे में नहीं आतीं.
क्या था मामला
शिकायतकर्ता डॉक्टर डॉक्टर प्रेमराज देब्ता ने आयोग के समक्ष आरोप लगाया था कि उनके द्वारा खरीदी गई मारुति सुज़ुकी की कार में लगातार तकनीकी समस्याएं सामने आईं. उसका कहना था कि वाहन अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर रहा था और कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. इससे उसे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ा.
उन्होंने बताया कि 2024 में खरीदी गई उनकी गाड़ी पांचवें महीने में ही सड़क पर खड़ी हो गई. जब वे उसे लेकर सर्विस सेंटर में गए तो पेट्रोल में मिलावट का पता चला. इसके बाद पेट्रोल टंकी साफ कर के उन्हें गाड़ी दी गई. लेकिन बाद में फिर वही समस्या आई. दूसरी बार सर्विस सेंटर ने यह कहते हुए सफाई की कि पिछली बार हो सकता है, सफाई ठीक से नहीं हुई होगी.
इस दौरान पेट्रोल के दही जैसे नमूने को सरकारी मान्यता प्राप्त लैब से जांच कराने पर पता चला कि यह एथेनॉल है.
इसके बाद भी उनकी गाड़ी बार-बार बंद होती रही. अंततः उन्हें उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराने के लिए मजबूर होना पड़ा.
मामले की सुनवाई के दौरान वाहन निर्माता कंपनी और अधिकृत डीलर ने आयोग के समक्ष यह पक्ष रखा कि वाहन में आई खराबी किसी निर्माण दोष के कारण नहीं, बल्कि बाहरी कारणों से हुई थी. उनका तर्क था कि ऐसी स्थिति वाहन की वारंटी के दायरे में नहीं आती, इसलिए कंपनी पर प्रतिस्थापन या मुआवजे की जिम्मेदारी नहीं बनती.
आयोग ने क्या माना
उपलब्ध दस्तावेजों, दोनों पक्षों की दलीलों और रिकॉर्ड का परीक्षण करने के बाद आयोग ने शिकायतकर्ता को राहत देने का फैसला सुनाया. आयोग ने माना कि केवल मरम्मत कराना इस विवाद का पर्याप्त समाधान नहीं है. आयोग ने कहा कि अगर उन्हें ई-20 इंजन सपोर्टेड गाड़ी नहीं दी गई थी तो उपभोक्ता को इस बारे में जानकारी दी जानी चाहिए थी.
आयोग ने सेवा में कमी के आधार पर वाहन को बदलकर उसी मॉडल की नई ई20 फ्यूल कम्पेटिबल कार देने का निर्देश दिया.
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कंपनी 45 दिनों के भीतर नई कार उपलब्ध नहीं कराती है, तो उसे वाहन की कीमत सहित कुल 20.50 लाख रुपये का भुगतान करना होगा. इसके अलावा मानसिक प्रताड़ना के लिए एक लाख रुपये तथा मुकदमे के खर्च के रूप में 10 हजार रुपये अलग से देने होंगे.
यह आदेश ऐसे समय आया है जब देश में चरणबद्ध तरीके से ई20 पेट्रोल को बढ़ावा दिया जा रहा है और वाहन कंपनियां ई20 अनुकूल मॉडल बाजार में उतार रही हैं. आयोग ने अपने आदेश में विशेष रूप से ई20 फ्यूल कम्पेटिबल नई कार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. यही वजह है कि उपभोक्ता अधिकारों और ई20 ईंधन के संदर्भ में इस फैसले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.