शनि, 07 नव. 2026

CGKhabar

कर्रेगुट्टालु की पहाड़ी में मुठभेड़, 22 माओवादी मारे गए

H

Hupendra Sharma

07 मई 2025, 06:48 AM 3 मिनट में पढ़ें 13

 मुठभेड़
मुठभेड़

बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर और तेलंगाना की सीमा पर चल रहे अब तक के सबसे बड़े नक्सल ऑपरेशन में बुधवार को तड़के सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई.


इस मुठभेड़ में 22 से ज्यादा माओवादियों के मारे जाने की खबर आ रही है. हालांकि बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने 22 माओवादियों के मारे जाने की पुष्टि की है.

विज्ञापन


मारे गए सभी माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं. कर्रेगुट्टालु की पहाड़ी पर अभी भी मुठभेड़ जारी है. दोनों ओर से रूक-रूक कर गोलीबारी हो रही है.


बस्तर आईजी सुंदरराज पी के कहा है कि कर्रेगुट्टालु की पहाड़ियों पर चल रहे ऑपरेशन संकल्प के अच्छे परिणाम की अपेक्षा है. सभी सुरक्षाबल सुरक्षित हैं और बस्तर क्षेत्र को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं.


उन्होंने कहा कि ऑपरेशन प्रगति पर है. सुरक्षा कारणों से इस समय संपूर्ण जानकारी साझा नहीं की जा सकती.


लगातार हो रही फायरिंग को देखते हुए मारे गए माओवादियों की संख्या और बढ़ सकती है. सीआरपीएफ, एसटीएफ, कोबरा और डीआरजी के जवान लगातार इस इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं.


ड्रोन से माओवादियों की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद बुधवार तड़के माओवादियों के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ हुई.


मुठभेड़ की पुष्टि ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे सीआरपीएफ के अधिकारी ने की है. छत्तीसगढ़-तेलंगाना की सीमा पर माओवादियों के खिलाफ ऑपरेशन का आज यानी बुधवार को 16वां दिन है.


कर्रेगुट्टालु की पहाड़ियों पर मौजूद माओवादियों को सुरक्षा बलों ने चारों ओर से घेर रखा है. दो दिन पहले ही कर्रेगुट्टालु की पहाड़ी पर मुठभेड़ में जवानों ने एक महिला माओवादी को मार गिराया था.


मौके से शव और हथियार बरामद किया गया था. आज के मुठभेड़ से पहले इस ऑपरेशन में कुल 4 माओवादियों का शव बरामद किया गया है.


24 अप्रैल को 3 महिला माओवादियों के शव बरामद किए गए थे. इसके बाद 5 मई को 1 और आज 22 माओवादियों के शव बरामद करने का दावा किया गया है. 

खत्म होगा नक्सलवाद- साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर मुठभेड़ में 22 माओवादियों के मारे जाने के बाद कहा है कि प्रदेश नक्सलवाद से मुक्ति की ओर तेजी से बढ़ रहा है. लाल आतंक के खिलाफ चल रही निर्णायक लड़ाई में जवानों के साहस और बलिदान को नमन करता हूं.


मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा पहाड़ी में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान में हमारे सुरक्षा बलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. मुठभेड़ में अब तक 22 से अधिक माओवादियों के मारे जाने की खबर है. 


उन्होंने लिखा है लाल आतंक के विरुद्ध चल रही निर्णायक लड़ाई में हमारे वीर जवानों के अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान को शत-शत नमन करता हूं. 


सीएम साय ने यह भी लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संकल्प लिया है कि 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करना है और हम इस लक्ष्य की ओर तेज़ी से अग्रसर हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP