अस्पताल में लगी आग, जान बचाने भागे मरीज
कोरबा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के एक सरकारी अस्पताल में गुरुवार सुबह आग लग गई. आग लगने की खबर फैलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई.
मरीज जान बचाने बाहर भागने लगे. आग अस्पताल की तीसरी मंजिल के स्टोर रूम में लगी. बताया गया कि आग ऑक्सीजन कंसंट्रेटर में शॉर्ट सर्किट से लगी. हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
कोरबा शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानी धनराज कुंवर अस्पताल की ऊपरी मंजिल में आज सुबह आग लग गई.
देखते ही देखते आग की लपटें तेज होने लगी. यहां मौजूद कर्मचारियों ने इसे देखा और इसकी सूचना तुरंत ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को दी. बताया गया कि घटना के समय अस्पताल में करीब 10-12 मरीज भर्ती थे.
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंचे.
इस बीच एक प्रसूता महिला अपने नवजात शिशु को लेकर अस्पताल से बाहर निकलकर बाहर सड़क किनारे बैठ गई थी.
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. दीपक राज ने बताया कि दमकल की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है. आग लगने की सूचना मिलते ही एहतियात के तौर पर मरीजों को अस्पताल से बाहर निकाला गया. आग बुझने के बाद उन्हें भीतर ले जाया गया. घटना में किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है.
उन्होंने बताया कि आग में कुछ उपकरण और रिकॉर्ड जलकर खाक हो गए हैं. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि शॉर्ट सर्किट के कारण स्टोर रूम में रखे उपकरणों में आग लगी. आग लगने का सही कारण और उससे होने वाले नुकसान के बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है.