शराब दुकान पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री, भूपेश ने ली चुटकी
मरवाही | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल गुरुवार को अचानक एक शराब दुकान का निरीक्षण करने पहुंचे. उन्होंने खुद ही इसकी जानकारी सोशल मीडिया में साझा की है. इसका वीडियो वायर होने पर मंत्री सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हो रहे हैं.
राजनीतिख गलियारों से लेकर आम लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस पर तंज कसते हुए चुटकी ली है.
उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है-शिकायतें दवा की हैं, दवा में कमीशन की हैं पर स्वास्थ्य मंत्री दारू दुकान का औचक निरीक्षण कर रहे हैं. सुशासन तिहार चकाचक चल रहा है.
गौरतलब है कि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल गुरुवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दौरे थे. इस दौरान पेंड्रा स्थित शराब दुकान का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए.
उन्होंने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के अपने दौरे को लेकर सोशल मीडिया में अलग-अलग पोस्ट किया है. जिसमें शराब दुकान का निरीक्षण करते पोस्ट भी डाला है.
कहा जा रहा है कि मंत्री दुकान में शराब की सभी ब्रांड और स्टॉक मिल रहे हैं कि नहीं जांच करने गए थे. स्वास्थ्य मंत्री पूरे दल-बल के साथ शराब दुकान पहुंचे थे.
लेकिन मंत्री का इस तरह शराब दुकान का निरीक्षण करने पहुंचना लोगों को रास नहीं आ रहा है. लोग अलग-अलग तरह से टिप्पणी कर रहे हैं.
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के सरकारी अस्पतालों में अमानक और फंगसयुक्त दवाओं के वितरण को लेकर बड़ा हंगामा मचा हुआ है.
हज़ारों मरीजों को खराब दवाएं दिए जाने की शिकायतें सामने आई हैं. अस्पताल बदहाल हैं. जांच की मशीनें खराब पड़ी हुई हैं. लेकिन मंत्री को अपने बीमार विभाग को देखने की फुर्सत नहीं है.