बीजापुर में IED ब्लास्ट, ग्रामीण घायल
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों द्वारा लगाए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया. ग्रामीण मवेशी चराने पुजारी कांकेर के जंगल में गया था. उसी दौरान आईईडी की चपेट में आ गया. उसे उसूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक उसूर थाना क्षेत्र के पुजारी कांकेर स्कूलपारा निवासी कलमू गंगा (50) सोमवार की शाम करीब 5 बजे मवेशियों को चराने पुजारी कांकेर के जंगल में गया था.
इस दौरान उसका पैर माओवादियों द्वारा लगाए प्रेशर आईईडी पर आ गया. जिससे जोर का धमाका हुआ. विस्फोट के कारण ग्रामीण के पैर के तलवे में गंभीर चोटें आई हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कैंप पुजारी कांकेर के जवान घायल ग्रामीण को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया.
उसके बाद बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, उसूर भेजा गया.
बीजापुर पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल और संवेदनशील क्षेत्रों में आने जाने के दौरान काफी सावधानी बरतें. किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा बल कैंप को सूचित करें.