नवतपा में भी होगी बारिश, 7 दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में नवतपा के एक दिन पहले ही प्री-मानसून ने दस्तक दे दी है. शनिवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जगहों पर सुबह से झमाझम बारिश हुई.
मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक प्रदेशभर के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान बस्तर संभाग में अधिक बारिश हो सकती है. यहां करीब 80-90 मिमी तक बारिश की संभावना जताई गई है.
25 मई से नवतपा शुरू हो रहा है, लेकिन इस बार इसके पूरे 9 दिन तपने की संभावना कम ही है.
मौसम विभाग के अनुसार प्री-मानसून की गतिविधियां बढ़ गई है. इससे नवतपा आधे दिन तपेगा और आधे दिन बदली-बारिश होती रहेगी.
इस वजह से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जाने के आसार भी बहुत कम है.
पिछले दो दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के चलते औसतन तापमान में 4-5 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है.
इस दौरान अधिकतम तापमान 34-35 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है. शुक्रवार को सबसे ज्यादा तापमान 35.1 डिग्री रायगढ़ में और सबसे कम तापमान 22.6 डिग्री दुर्ग और जगदलपुर में दर्ज किया गया.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक निम्न दबाव का क्षेत्र पूर्व-मध्य अरब सागर, उत्तर कर्नाटक और गोवा कट से सुदूर स्थित है.
इसके और अधिक प्रबल होकर अवदाब के रूप में अगले 24 घंटे में बनने की संभावना है. बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नमी भी आ रही है.
एक द्रोणिका दक्षिण छत्तीसगढ़ तक 3.1 से 5.8 किमी ऊंचाई तक स्थिर है. जो नवतपा के दौरान बारिश और ठंडक लाएगी.
पंचागों में नवतपा 29 से
पृथ्वी की वार्षिक गति के अनुसार हर साल सूर्य 25 मई को रोहणी नक्षत्र में प्रवेश करता है.
इसके बाद तापमान में लगातार वृद्धि होती है. इसी वजह से अक्सर हर साल 25 मई से 2 जून तक नवतपा कहा जाता है.
पंचागों के अनुसार इस बार ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष में आर्द्रा तिथि 29 मई को रहेगी.
इसके बाद नौ दिनों तक यानी 6 जून तक नवतपा रहेगा.
रायपुर-दुर्ग में झमाझम बारिश
राजधानी रायपुर और दुर्ग-भिलाई में शनिवार सुबह से ही मौसम ने अचानक से करवट ली और झमाझम बारिश शुरू हो गई.
सुबह करीब 7.30 बजे से शुरू हुई बारिश 10.30 बजे तक होती रही. इस दौरान कई बार तेज बारिश भी हुई.
इसके बाद मौसम खुला और हल्की धूप भी निकल आई. हालांकि अभी भी आसमान में काले बादल छाए हुए हैं.
ठंडी हवा चलने से वातावरण खुशनुमा हो गया है, लेकिन हवा रुकते ही उमस भरी गर्मी का अहसास होने लगता है.
इधर साल की पहली बारिश का आनंद लेने के लिए छोटे बच्चों के साथ युवा भी बारिश में भीगते हुए देखे गए.
पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 90 मिमी बारिश बीजापुर और इसके बाद 81 मिमी बस्तर में हुई है.
मौसम विभाग ने शनिवार को बस्तर संभाग में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश की संभावना जताई है.
साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की है.