शराब घोटालाः 5 जिलों में ACB और EOW का छापा
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में शराब घोटाला मामले में शनिवार को एसीबी और ईओडब्ल्यू की टीमों ने एक साथ पांच जिलों में कार्रवाई की है. सुकमा, जगदलपुर, दंतेवाड़ा, अंबिकापुर और रायपुर में टीम ने छापेमारी की है.
पांचों जिलों के करीब 15 से ज्यादा ठिकानों पर सुबह से कार्रवाई चल रही है. बताया जा रहा है कि छापेमारी की कार्रवाई पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के करीबियों के ठिकानों पर की गई है.
दंतेवाड़ा में कांग्रेस नेता राजकुमार तामो के घर एसीबी और ईओडब्ल्यू ने दबिश दी है. वहीं सुकमा जिले में 4 स्थानों पर छापेमारी की गई है. इसमें जिला मुख्यालय के 3 और तोंगपाल के 1 स्थान पर कार्रवाई जारी है.
इसी तरह जगदलपुर शहर के धरमपुरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में प्रेम मिगलानी के निवास पर भी टीम पहुंची है.
प्रेम मिगलानी और राजकुमार तामो पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के करीबी माने जाते हैं
इसी तरह राजधानी रायपुर के संतोषी नगर स्थित कमलेश नहाटा और देवेन्द्र नगर के शहीद हेमू कलाणी वार्ड के नागेश्वर राव और जी श्रीनिवास राव के घर भी छापा पड़ा है.
श्रीनिवास कांग्रेस से पार्षद प्रत्याशी थे. नागेश्वर राव कवासी लखमा और उनके बेटे हरीश लखमा के करीबी माने जाते हैं.
यहां सुबह 2 गाड़ियों में करीब 8-10 अधिकारियों ने दबिश दी है.
इसके अलावा अम्बिकापुर के बड़े कपड़ा व्यापारी व सरकारी विभागों में सप्लायर धजाराम इंटरप्राइजेज के मालिक विनोद अग्रवाल और मुकेश अग्रवाल के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
इस फर्म का नाम पहले भी चर्चित डीएमएफ घोटाले में आ चुका है. इनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज है. पहले भी ईडी और आईटी की टीमें इन व्यापारियों पर कार्रवाई कर चुकी हैं.
सुबह 6 बजे से करीब 100 अफसरों की अलग-अलग टीमों ने छापे की कार्रवाई शुरू की है.
ज्ञात हो कि इससे पहले ईडी की टीम ने 28 दिसंबर को पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, उनके बेटे हरीश कवासी के घर छापा मारा था.
15 जनवरी को कवासी लखमा को गिरफ्तार किया गया था. 21 जनवरी से कवासी लखमा जेल में बंद हैं.
सूत्रों का कहना है कि टीमें महत्वपूर्ण दस्तावेजों के आधार पर कार्रवाई कर रही हैं.
शराब घोटाले से संबंधित सबूतों की तलाश में उनके घर और कार्यालयों की जांच चल रही है.
फिलहाल छापे के दौरान क्या कुछ मिला है, अभी इसका पता नहीं चल पाया है.
बस्तर में इन कांग्रेसी नेताओं के यहां पड़ा छापा
जगदलपुर के धरमपुरा निवासी प्रेम मिगलानी कारोबारी हैं, जो कवासी लखमा के लेखा जोखा का भी काम देखते थे.
सुकमा के शेख बशीर कवासी लखमा के पुराने ड्राइवर हैं. एसीबी की टीम ने उनके निवास पर भी छापेमारी की कार्रवाई की है.
इसके अलावा पूर्व युवा आयोग के सदस्य राजेश नारा, हार्डवेयर के कारोबारी अनीश बोथरा और तोंगपाल के कारोबारी जयदीप के घर पर शनिवार सुबह टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की है.
इसी तरह दंतेवाड़ा के कांग्रेस प्रदेश सचिव राजकुमार तामों के निवास में भी एसीबी और ईओडब्ल्यू की संयुक्त टीम ने दबिश दी है.
ये सभी पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के काफी करीबी माने जाते हैं.