दुर्ग में मॉक ड्रील, सायरन बजते ही थम गया शहर
दुर्ग | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बुधवार को मॉक ड्रील का आयोजन किया गया. मॉक ड्रील की शुरुआत शाम 4 बजे की गई. मॉक ड्रील का पहला चरण करीब डेढ़ घंटे तक चला.
इस दौरान युद्ध के दौरान बचाव के तरीकों का अभ्यास और रिहर्सल किया गया. इसके बाद शाम 7.30 बजे से 7.42 बजे तक ब्लैकआउट किया जाएगा. ये ब्लैकआउट सिर्फ भिलाई सेक्टर और प्लांट क्षेत्र में होगा.
मॉक ड्रील शुरू करने से पहले सायरन बजाकर लोगों को अलर्ट किया गया. सायरन बजते ही माने शहर थम गया. इसके बाद पुलिस अधिकारी, स्वयंसेवक और एनसीसी के छात्र मुख्य चौक-चौराहों पर लेट गए. ताकि आम लोगों को आपदा के दौरान सही प्रतिक्रिया की जानकारी दी जा सके.
इसके बाद आपातकालीन परिस्थितियों से बचने और बचाने का अभ्यास किया गया.
एसडीआरएफ ने आग लगने पर एक्शन और घायल जवानों को कैसे ले जाया गया यह बताया गया. सिविल डिफेंस का अभ्यास कराया गया. सिविल डिफेंस बलों को नागरिकों को किसी भी हमले के दौरान किस प्रकार से बचाव किया जाएगा यह बताया गया. साथ ही युद्ध के दौरान बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई.
इसके अलावा हवाई हमले के वक्त चेतावनी देने वाले सायरनों को बजाकर सुनाया गया. इसके साथ ही दुश्मन के हमले की स्थिति में आम नागरिकों, छात्रों आदि को स्वयं की सुरक्षा के लिए नागरिक सुरक्षा पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया.
भिलाई के सूर्या मॉल को मॉक ड्रिल का केंद्र बिंदु बनाया गया. सूर्या मॉल में ब्लैकआउट किया गया. यहां बताया गया कि सैकड़ों नागरिक अगर आग और धुएं के बीच फंस जाए तो उसे किस प्रकार से बचाया जाएगा.
यहां एनसीसी, पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने मॉल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया. इस दौरान मौके का जायजा लेने दुर्ग कलेक्टर, कमिश्नर, आईजी और एसपी पहुंचे. मौके पर अग्निशमन, एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी तैनात की गई थी.
मॉक ड्रील का मकसद आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय का परीक्षण करना है ताकि किसी भी संकट की घड़ी में जनहानि को कम किया जा सके और राहत कार्यों में तेजी लाई जा सके.