छत्तीसगढ़ में एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल, चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था
एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल, चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में एनएचएम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर अब सीधे बस्तर के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में दिखने लगा है.
बारिश के मौसम में रोजाना 500 से ज्यादा मरीज अस्पतालों में पहुंच रहे हैं, लेकिन स्टॉफ की कमी की वजह से मरीजों को इलाज कराने के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. मरीज इलाज के लिए भटक रहे हैं.
जगदलपुर शहर के महारानी अस्पताल की स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर है. यहां मरीजों को स्ट्रेचर पर खुद परिजन वार्ड तक ले जा रहे हैं. कई अस्पताल में परिजन खाली स्ट्रेचर लेकर खुद मरीज को लाने भी जा रहे हैं.
दरअसल लगभग 1 हजार से ज्यादा एनएचएम कर्मचारी सोमवार से अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जिसके चलते अस्पताल में उनकी कमी साफ देखने को मिल रही है.
शहरी इलाकों के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में मौजूद स्वास्थ्य केंद्र और उप स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है.
अस्पतालों में इलाज के लिए भटक रहे मरीज
महारानी अस्पताल में इलाज करवाने पहुंचे मरीज गणपत नाग ने बताया कि उसका पैर फैक्चर हुआ है. पर्ची कटवाने के बाद पता चला कि अस्पताल में इलाज करने वाले ही नहीं हैं. अब मजबूरी में प्राइवेट अस्पताल जाना पड़ रहा है, जहां खर्चा ज्यादा होगा.
एक अन्य मरीज के परिजन योगेश साव ने बताया कि बरसात में वायरल फीवर और अन्य बीमारियों के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन अस्पताल में स्टॉफ की कमी से इलाज नहीं मिल पा रहा है. अस्पताल में एक ही बेड पर दो-दो मरीजों का इलाज चल रहा है.
योगेश अपने चाचा को लेकर आया था. हड़ताल के चलते स्टॉफ नहीं है, इसलिए मजबूरन उन्हें प्राइवेट अस्पताल ले जाना पड़ रहा है.
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक का कहना है कि जिले के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को उसी तरह संचालित किया जा रहा है, जैसा पहले किया रहा था. नियमित कर्मचारी पूरी सेवाएं दे रहे हैं. हालांकि स्टॉफ की कमी जरूर बनी हुई है. शासन को इससे अवगत कराया गया है. एनएचएम कर्मचारियों के हड़ताल में जाने से जरूर दिक्कतें हो रही है.