सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

23 दिनों से आंदोलनरत एनएचएम कर्मचारियों का जल सत्याग्रह

H

Hupendra Sharma

09 सित. 2025, 11:55 AM 2 मिनट में पढ़ें 14

जल सत्याग्रह
जल सत्याग्रह

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों ने मंगलवार से अपने आंदोलन को और तेज कर दिया है. आज प्रदेश भर में एनएचएम कर्मचारियों ने जल सत्याग्रह आंदोलन किया.


बालोद जिले में कर्मचारी रैली की शक्ल में तांदुला डेम पहुंचे और पानी के अंदर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया. स्लोगन लिखे बैनर-पोस्टर लिए कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की.

विज्ञापन


इसी तरह गरियाबंद, खैरागढ़, कोण्डागांव, महासमुंद में भी सैकड़ों कर्मचारियों ने पानी में उतर कर घंटों तक प्रदर्शन किया. उन्होंने राज्य सरकार होश में आओ, दमनकारी नीति नहीं चलेगी, दमन के आगे नहीं झुकेंगे जैसे नारे लगाए.


दरअसल, छत्तीसगढ़ में 16 हजार से अधिक एनएचएम संविदा कर्मचारी नियमितिकरण सहित अपनी अन्य लंबित मांगों को लेकर पिछले 23 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे हुए हैं.


कर्मचारी अब आर-पार की लड़ाई पर उतर आए हैं. जबकि इससे पहले शासन द्वारा नोटिस देकर काम पर लौटने की चेतावनी दी गई थी.


उसके बाद भी कर्मचारी काम पर नहीं लौटे, तो स्वास्थ्य विभाग ने 3 सितंबर को 25 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया.


बर्खास्त कर्मचारियों में एनएचएम संविदा कर्मचारी संगठन के प्रदेश संरक्षक हेमंत सिन्हा और महासचिव कौशलेश तिवारी के नाम भी शामिल हैं.


जिसके विरोध में प्रदेश भर के एनएचएम कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा दिया था. कर्मचारी इस्तीफा देने के बाद भी हड़ताल पर डटे हुए हैं.


एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि अब सिर्फ आश्वासन के काम नहीं चलेगा. कर्मचारियों को ठोस फैसला चाहिए.


उन्होंने कहा कि सरकार जल्द सुनवाई नहीं करती तो एनएचएम कर्मचारी विधानसभा का घेराव भी करेंगे. इसके अलावा मंत्रियों-विधायकों के घरों के बाहर उग्र प्रदर्शन करेंगे.


कर्मचारियों का कहना है कि राज्य सरकार द्वारा चुनाव घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा करने की मांग कर रहे हैं. 


जल सत्याग्रह में शामिल पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर तत्काल पहल नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र होगा.


उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और मरीजों की सेवा को ध्यान में रखकर अब तक संयम बरता गया, लेकिन सरकार की चुप्पी ने उन्हें कठोर कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है.


बालोद में कर्मचारियों ने 10 सितंबर को बस स्टैंड से भाजपा कार्यालय तक बाइक रैली निकालने का ऐलान किया है. कोण्डागांव के कर्मचारियों ने बंधा तालाब में जल सत्याग्रह किया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP