धमतरी में एनआईए का छापा, ग्रामीणों से घंटों पूछताछ
धमतरी | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के घोरा गांव में गुरुवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए की टीम ने दबिश दी. टीम ने गांव के लोगों से पूछताछ की. साथ ही एक संदिग्ध व्यक्ति से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की. इसके बाद टीम वापस लौट गई.
इस दौरान गांव में हड़कंप मचा रहा.
बताया गया कि इससे पहले भी एनआईए की टीम गांव में पूछताछ कर चुकी है. 10 लोगों के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है.
बताया गया कि गुरुवार सुबह एनआईए की सात सदस्यीय टीम घोरा गांव पहुंची. टीम द्वारा गांव के लोगों से अलग-अलग पूछताछ की गई.
इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में लोगों से जानकारी जुटाई गई. एनआईए की टीम गांव में करीब तीन घंटे तक रही और लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाती रही.
मतदान दल पर किया था ब्लास्ट
बताया गया कि यह कार्रवाई साल 2023 में हुए आईईडी ब्लास्ट से जुड़े तथ्यों की दोबारा पुष्टि और स्थानीय नेटवर्क की जांच के तहत की गई है.
साल 2023 में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान कथित माओवादियों ने गरियाबंद के बड़ेगोबरा में मतदान के बाद लौट रहे मतदान दल पर आईईडी ब्लास्ट कर हमला किया था.
इस हमले में आईटीबीपी का एक जवान शहीद हो गया था. इस घटना की जांच सरकार ने एनआईए को सौंपी थी.
एनआईए को जांच में पता चला कि आईईडी ब्लास्ट के पीछे माओवादियों के मैनपुर-नुआपाड़ा डिवीजन का हाथ था.
इसके बाद एनआईए की टीम ने गरियाबंद और धमतरी जिले के अंदरूनी और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में गोपनीय रूप से जांच शुरू की.
गरियाबंद-धमतरी के 11 ठिकानों की थी कार्रवाई
इससे पहले भी एनआईए ने धमतरी और गरियाबंद जिलों के 11 संदिग्धों के घरों पर छापेमारी की थी.
27 दिसंबर 2023 को जारी प्रेस रिलीज में बताया गया था कि सेमरा, मैनपुर, केराबहरा, और घोरा गांव समेत कई नक्सल प्रभावित इलाकों में एक साथ छापेमारी की गई.
इस दौरान करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, आईईडी, नक्सली साहित्य, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए थे.