सुशासन तिहार के दूसरे दिन साय पहुंचे सहसपुर
रायपुर| संवाददाताः सुशासन तिहार के तीसरे चरण के दूसरे दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बेमेतरा जिले के सहसपुर पहुंचे. यहां बरगद के पेड़ के नीचे चौपाल लगाई और ग्रामीणों की समस्याएं सुनी.
सहसपुर में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर गांव के हायर सेकेंडरी स्कूल के लिए नए भवन की स्वीकृति दी.
इसके अलावा फणी नागवंशी राजाओं द्वारा निर्मित शिव मंदिर व हनुमान मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण की घोषणा की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेंगे. साथ ही सहसपुर में 33 केव्ही विद्युत सब स्टेशन की भी घोषणा की.
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से कहा कि मैं आप लोगों के बीच आपकी दुख-तकलीफ जानने आया हूं. उन्होंने लोगों से शासन की योजनाओं प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, नल जल योजना, धान खरीदी, स्कूल में बच्चों की शिक्षा सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली.
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार को अभी डेढ़ साल हुए हैं. इस अवधि में हमने किए हुए अपने कई वायदों को पूरा किया है. सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में हमने 18 लाख आवास को स्वीकृति दी. किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया. 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी भी की जा रही है.
इसके बाद यहां के प्रसिद्ध शिव मंदिर के दर्शन किए. सीएम ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
यह मंदिर 13वीं- 14वीं शताब्दी में कवर्धा के फणीवंशीय राजाओं ने बनवाया था. इसके बाद आयुष्मान आरोग्य मंदिर का औचक निरीक्षण किया.
वहां इलाज करा रहे मरीजों से सीधे संवाद कर उनकी स्थिति जानी. मुख्यमंत्री ने मितानिन दीदियों से चर्चा करते हुए संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि सुरक्षित मातृत्व और नवजात के स्वास्थ्य के लिए यह आवश्यक है कि सभी प्रसव स्वास्थ्य संस्थानों में हों. मितानिनों को गांव-गांव जाकर महिलाओं को जागरूक करने और उन्हें अस्पताल में प्रसव के लिए प्रोत्साहित करने को कहा गया.
महतारी वंदन से मिली बड़ी मदद
मुख्यमंत्री के चौपाल में महतारी वंदन से मिल रही सहायता पर पूनम साहू ने अपनी बात रखी.
पूनम ने कहा कि महतारी वंदन योजना से मिली राशि से परिवार और बच्चों की जरूरतों को पूरी करने में बड़ी मदद मिलती है. हर माह महतारी वंदन योजना की राशि नियमित रूप से मिलती है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही अमरौतीन साहू के घर पहुंचकर उन्हें चौंका दिया.
अमरौतीन ने खुशी जताते हुए कहा कि मोर अब्बड़ भाग हे, मुख्यमंत्री मोर घर आए हे. छत्तीसगढ़िया अंदाज में परिवार ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया.
पक्के मकान की सौगात मिलने पर अमरौतीन और उनके परिवार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया.
इस अवसर पर विधायक ईश्वर साहू, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानन्द उपस्थित थे.