मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

बारिश से भीगा करोड़ों का धान, हुआ अंकुरित

बारिश से भींगा करोड़ों का धान, हुआ अंकुरित

H

Hupendra Sharma

07 अग. 2025, 10:05 AM 4 मिनट में पढ़ें 15

भींगा करोड़ों का धान
भींगा करोड़ों का धान

बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए करोड़ों रुपये का धान समय पर उठाव नहीं होने से बर्बाद हो गया है. खुले आसमान के नीचे पड़ा धान बारिश से सड़ने और अंकुरित होने लगा है. जबकि धान खरीदे 6 महीने से अधिक का समय हो चुका है. उसके बाद भी धान का उठाव नहीं हुआ.


अब संग्रहण समिति और जिला विपणन अधिकारी एक दूसरे पर दोषारोपण कर रहे हैं. वहीं धान संग्रहण समितियों के प्रबंधकों ने कलेक्टर को आवेदन देकर धान जल्द से जल्द उठाने की मांग की है.

विज्ञापन


मिली जानकारी के मुताबिक जिले के 16 धान खरीदी केन्द्रों में अब तक करीब 15,500 क्विंटल से अधिक धान का उठाव नहीं हो पाया है. जबकि वित्तीय वर्ष 2024-2025 में जिले के 18033 किसानों से कुल 1,19,088 टन धान खरीदा गया था.


लेकिन 6 महीने बाद भी अधिकांश केन्द्रों में धान अब भी डंप हैं. डंप धान की कीमत 3.25 करोड़ रुपए है.


कोंगूपल्ली में 800 क्विंटल धान अंकुरित

अकेले कोंगूपल्ली के धान खरीदी केन्द्र में ही 2000 बोरी यानी करीब 800 क्विंटल धान बारिश से भीगकर पूरी तरह से खराब हो चुका है. यहां बोरों में रखा-रखा धान अंकुरित हो चुका है.


अब धान की स्थिति ऐसी हो गई है न तो उपयोग में लाया जा सकता है और न ही दूसरे किसी काम में उपयोगी साबित होगा.


कोंगूपल्ली समिति प्रबंधक का कहना है कि 27 मार्च को ही शेष बचे धान का डीओ जारी किया था, लेकिन मिलर्स ने धान का उठाव नहीं किया. जिसका खामियाजा समिति को भुगतना पड़ रहा है.


यही हाल लगभग सभी केन्द्रों में है. जिले के आवापल्ली, मोदकपाल,इलमिडी/संकनपल्ली, उसूर, कुटरू, कोशलनार, गुदमा, भद्रकाली, धनोरा, पापनपाल, फरसेगढ़, कोंगुपल्ली, मिरतुर, मद्देड़ सहित अन्य जगहों पर धान का उठाव नहीं हुआ है.मिलर्स ने खड़े किए हाथ

समिति प्रबंधकों का आरोप है कि धान उपार्जन केन्द्रों से उठाव के लिए मिलर्स के लिए आखिरी तारीख 28 फरवरी 2025 तय की गई थी. 5 महीने बाद भी मिलर्स की ओर से धान का उठाव नहीं किया गया है.


धान खुले आसमान के नीचे तिरपालों से ढंककर रखा गया है, लेकिन चूहे रोज तिरपाल को काट रहे हैं. जिस वजह से धान भींग गई है. भींगने से धान अब सड़ने लगा है.


बताया गया कि बीजापुर जिले में केवल दो राइस मिल हैं. दोनों मिलर्स ने इतने बड़े पैमाने पर धान का उठाव करने हाथ खड़े कर दिए.


इन हालातों में प्रशासन ने अन्य जिलों के राइस मिलर्स से अनुबंध कर उनसे धान का उठाव करवाने का निर्णय लिया था.


लेकिन जिले से अंदरूनी इलाकों में बने खरीदी केन्द्रों तक पहुंचने से बाहरी राइस मिलर्स ने भी मना कर दिया है.


यही कारण है कि जिले में अब भी 15500 क्विंटल से ज्यादा धान का उठाव नहीं हो पाया है.


एक दूसरे पर दोषारोपण

दूसरी ओर समय पर धान का उठाव नहीं होने पर समिति प्रबंधक जिला विपणन अधिकारी एक-दूसरे पर दोषारोपण कर रहे हैं.


जिला विपणन अधिकारी तामेश नागवंशी ने बताया कि अब भी 16 केन्द्रों में 49502 बोरा धान बचा है. जिसकी सुरक्षा चुनौतीपूर्ण हो चुकी है.


मार्च तक सभी जगहों का डीईओ कट चुका था. इसके बावजूद समितियों और मिलर्स के बीच आपसी समन्वय की कमी के चलते धान का उठाव प्रभावित हो रहा है.


वहीं धान खरीदी केन्द्र समितियों के प्रबंधकों का कहना है कि धान का उठाव 28 फरवरी तक हो जाना चाहिए था, जो नहीं किया गया है.


कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

खरीदी केन्द्रों में रखे धान के रखरखाव के चलते प्रबंधकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में उन्होंने कलेक्टर संबित मिश्रा से मिलकर जल्द ही धान का उठाव करवाने की मांग करते ज्ञापन सौंपा है.


इस पर कलेक्टर संबित मिश्रा का कहना है कि जिले में केवल दो राइस मिल हैं. इसलिए जिले में होने वाली खरीदी के बाद बाहरी मिलर्स पर धान उठाव के लिए निर्भर रहना पड़ता है. फिर भी जांच व कार्रवाई होगी. 


यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP