छत्तीसगढ़ में 4-5 दिन भीषण गर्मी से राहत
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को भी बदली-बारिश वाला मौसम रहने वाला है. राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में दोपहर बाद बादल आए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है. जिससे भीषण गर्मी से जरूर राहत मिलेगी.
मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के 19 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में बिजली गिरने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की चेतावनी दी है.
आज शाम तक बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, नारायणपुर में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा, आंधी और बारिश की संभावना जताई है.
इसी प्रकार राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली और कोरिया में आंधी-तूफान-बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका जताई है. इन क्षेत्रों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है. यह बदलाव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और टर्फ के एक्टिव होने के कारण हो रहा है.
गुरुवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा.
मौसम विभाग ने आज भी रायपुर में दिन का तापमान 41 डिग्री और रात का तापमान 20 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना जताई है.
रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है.
गुरुवार को बस्तर के जगदलपुर में तापमान सबसे कम रहा. यहां गुरुवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री रहा. जो सामान्य के करीब 3.4 डिग्री कम था. वहीं न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है.
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों तक मुख्य रूप से बस्तर संभाग में गरज चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है.
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई.