सर्पदंश से दो सगे भाइयों की मौत
अंबिकापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में दो सगे भाइयों की सर्पदंश से मौत हो गई. दोनों भाई गुरुवार की रात घर पर सो रहे थे, उसी दौरान सांप ने उन्हें काट लिया.
रात में तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को पता चला. आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया. जहां दोनों ने दम तोड़ दिया. घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है.
घटना पटना थाना क्षेत्र के छिंदिया गांव की है. बताया गया कि यहां के सूर्या राजवाड़े और मानव राजवाड़े कल शाम एक कार्यक्रम में शामिल होने अपनी मां के साथ गए थे.
वहां से वापस लौटने के बाद दोनों एक ही बिस्तर में सो गए. रात में दोनों के पेट में अचानक दर्द होने लेगा.
दोनों ने इसकी जानकारी मां को दी. मां कुछ समझ पाती उससे पहले ही दोनों को चक्कर और बेचैनी होने लगी.
मां समझी की पार्टी के खाने के कारण फूड प्वाइजनिंग हो सकती है. इस बीच दोनों बच्चों के मुंह से झाग निकलने लगा.
इसके बाद दोनों को बैकुंठपुर जिला अस्पताल ले जाया गया. जहां उपचार के दौरान छोटे भाई मानव राजवाड़े की मौत हो गई.
बड़े भाई सूर्या की हालत ज्यादा बिगड़ने पर अंबिकापुर रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दोनों बच्चों की मौत सर्पदंश से होने की पुष्टि हुई है. एक बच्चे के पैर और दूसरे बच्चे के जांघ में सर्पदंश के निशान मिले हैं.
सूर्या राजवाड़े का अंबिकापुर और मानव का बैकुंठपुर में पोस्टमॉर्टम किया गया. आशंका है कि दोनों को जहरीले सांप ने काटा है.
घटना के बाद से बच्चों की मां भाग्यश्री राजवाड़े की भी तबीयत बिगड़ गई है.
बार-बार बेहोश होने के कारण उसे भी अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.