मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

हाथी के हमले से युवक की मौत

H

Hupendra Sharma

30 मई 2025, 09:13 AM 2 मिनट में पढ़ें 20

हाथी
हाथी

कोरबा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथी ने एक और युवक की जान ले ली. गुरुवार की रात युवक शौच के लिए जा रहा था. उसी दौरान युवक का सामना हाथी से हो गया.


हाथी ने सूंड से उठाकर युवक को पटककर पैरों से रौंद दिया. जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. वन विभाग ने घटना की पुष्टि की है.

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक घटना कटघोरा वन मंडल के अंतर्गत पसान वन परिक्षेत्र के बनिया गांव की है.


युवक तीजराम धोबी बीती रात को घर से शौच के लिए जाने की बात कहकर निकला था. काफी देर बाद भी वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई.


परिजन कुछ ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश में निकले. गांव के कुछ दूर नर्सरी जंगल के पास वह मृत अवस्था में पड़ा हुआ था.


कुछ ही दूरी पर दो हाथी विचरण कर रहे थे. हाथियों की चिंघाड़ सुनकर ग्रामीण वहां से लौट आए.


बताया गया कि मृतक तीजराम मुरली गांव का रहने वाला था. वह ईंट भट्ठा में काम करने के लिए अपने ससुराल बनिया गांव आया हुआ था.


ग्रामीणों ने गांव पहुंचकर घटना की सूचना वन विभाग को दी. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि घटना की सूचना मिलने के बावजूद वन विभाग के कर्मचारी नहीं पहुंचे.


इस दौरान हाथी आसपास के क्षेत्र में घूम रहा था, जिससे लोगों की जान खतरे में थी.काफी देर बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को जंगल की ओर भगाया.


घटना के बाद से ग्रामीण काफी डरे हुए थे. क्योंकि हाथी वापस लौटकर गांव तक ना पहुंच जाए. इसी वजह से वे रातभर जागते रहे.


वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी करा ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि वे बिना काम के जंगल में न जाएं. जरूरी काम से जाना भी हुआ तो समूह में जाएं.


वन विभाग ने मृतक की पत्नी को 25 हजार रुपए की तत्कालीन सहायता राशि दी है. शेष राशि करीब 5.75 हजार रुपये सभी औपचारिकाएं पूरी करने के बाद दी जाएगी. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP