अभिषेक बनर्जी की ‘जेड प्लस’ सुरक्षा वापस, सामान्य सांसद की सुरक्षा मिलेगी
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल की राजनीति में सत्ता परिवर्तन के बाद प्रशासनिक बदलावों का दौर तेजी से शुरू हो गया है. नवान्न (राज्य सचिवालय) से आई ताजा जानकारी के अनुसार, वर्तमान राज्य सरकार ने तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी की ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा वापस लेने का औपचारिक निर्णय लिया है. सोमवार शाम को जारी प्रशासनिक निर्देश के बाद अब अभिषेक बनर्जी के साथ रहने वाला अतिरिक्त सुरक्षा घेरा और विशेष पायलट कार की सुविधा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है.
पिछले दस वर्षों से भी अधिक समय तक अभिषेक बनर्जी ‘जेड प्लस’ सुरक्षा के कड़े घेरे में रहते थे, लेकिन राज्य में सरकार बदलने के साथ ही उनकी सुरक्षा में कटौती की प्रक्रिया शुरू हो गई थी. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को नवान्न में पुलिस के उच्च अधिकारियों और जिलाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की.
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में राजनेताओं की सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि यदि किसी राजनेता को वास्तविक सुरक्षा जोखिम नहीं है, तो उन्हें अनावश्यक सुरक्षा कवच प्रदान नहीं किया जाएगा. उन्होंने सार्वजनिक धन के दुरुपयोग पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल प्रभाव या मर्यादा दिखाने के लिए सरकारी खर्च पर भारी सुरक्षा देना उचित नहीं है.
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा अब केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार एक सामान्य सांसद के स्तर पर तय की जाएगी. गौरतलब है कि चुनाव परिणामों के बाद से ही उनके सुरक्षा घेरे को छोटा किया जा रहा था.
इससे पहले कोलकाता के कैमैक स्ट्रीट स्थित उनके कार्यालय और उनके आवास ‘शांतिनिकेतन’ के बाहर से पुलिस बल और सुरक्षा उपकरणों को हटा लिया गया था.
इतना ही नहीं, पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हरीश चटर्जी स्ट्रीट स्थित आवास की सुरक्षा में भी भारी कटौती की गई है. सरकार के इस कड़े रुख से स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में राज्य के कई अन्य वीआईपी नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था की भी नए सिरे से समीक्षा की जा सकती है.