गर्भपात महिला का अधिकार: दिल्ली हाईकोर्ट
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली उच्च न्यायालय ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि किसी महिला को उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भावस्था जारी रखने के लिए मजबूर करना उसकी शारीरिक अखंडता का उल्लंघन है. यह उसकी मानसिक प्रताड़ना को बढ़ाता है. न्यायमूर्ति नीना बंसल कृष्णा की पीठ ने एक महिला के खिलाफ उसके पति द्वारा दर्ज कराए गए आपराधिक मामले को खारिज करते हुए यह टिप्पणी की.
पति ने आरोप लगाया था कि पत्नी ने 14 सप्ताह के भ्रूण का चिकित्सीय समापन (MTP) कराकर भारतीय दंड संहिता की धारा 312 के तहत अपराध किया है. अदालत ने इस तर्क को खारिज करते हुए कहा कि प्रजनन पर नियंत्रण और पसंद की स्वतंत्रता महिला की व्यक्तिगत स्वायत्तता का हिस्सा है.
अदालत ने रेखांकित किया कि मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (MTP) एक्ट के तहत महिला को गर्भपात के लिए पति की अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं है.
न्यायाधीश ने कहा कि वैवाहिक कलह की स्थिति में महिला का मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है, जो कानून के तहत गर्भपात की अनुमति देने के लिए "गंभीर चोट" के समान है.
कोर्ट ने पति के उस तर्क को भी नकार दिया जिसमें कहा गया था कि चूंकि वे उस समय साथ रह रहे थे, इसलिए वैवाहिक कलह नहीं मानी जा सकती.
अदालत ने स्पष्ट किया कि वैवाहिक कलह का अर्थ केवल कानूनी अलगाव नहीं है, बल्कि यदि महिला विवाह के तनाव के कारण अलग होने का निर्णय ले चुकी है, तो वह मानसिक आघात की स्थिति में है.
"पितृसत्तात्मक दुनिया की कठोर वास्तविकता" का हवाला देते हुए अदालत ने कहा कि अनचाहे गर्भ का बोझ अंततः महिला को ही उठाना पड़ता है, जो उसके सामाजिक और आर्थिक जीवन पर गंभीर प्रभाव डालता है.