स्वस्थ भ्रूण का गर्भपात 'भ्रूण हत्या', 28 हफ्ते की गर्भवती को राहत नहीं: बॉम्बे HC
मुंबई । डेस्क: बाम्बे उच्च न्यायालय ने एक 18 वर्षीय युवती की 28 सप्ताह के गर्भ को समाप्त करने की याचिका को खारिज कर दिया है. न्यायमूर्ति रवींद्र घुगे और न्यायमूर्ति अभय जे. मंत्री की पीठ ने फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया कि चूंकि भ्रूण पूरी तरह स्वस्थ है, इसलिए इस चरण में गर्भपात की अनुमति देना 'भ्रूण हत्या' के समान होगा.
अदालत ने निर्देश दिया है कि युवती को प्रसव तक आवश्यक शारीरिक और मानसिक उपचार प्रदान किया जाए. साथ ही, जन्म के बाद बच्चे को किसी पंजीकृत अनाथालय में भेजने और बाल कल्याण समिति के माध्यम से उसे गोद दिलाने की व्यवस्था करने के भी आदेश दिए गए हैं.
मामले की पृष्ठभूमि के अनुसार, युवती की मां ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था.
याचिका में आरोप लगाया गया था कि जब युवती 17 वर्ष की थी, तब एक युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई.
इस संबंध में 2 जनवरी को पुलिस में प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कराई गई थी.
हालांकि, अदालत ने मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट पर गौर किया, जिसमें कहा गया था कि इस स्तर पर गर्भपात करने से बच्चा समय से पहले (प्री-मैच्योर) पैदा हो सकता है. भ्रूण की स्थिति सामान्य और स्वस्थ होने के कारण अदालत ने गर्भपात की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया.