रायगढ़ के JSW स्टील प्लांट में हादसा, डिप्टी मैनेजर की मौत
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के जेएसडब्ल्यू स्टील प्लांट में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया. इस हादसे में डिप्टी मैनेजर की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया.
परिजनों के साथ काफी संख्या में लोग प्लांट के बाहर इकट्ठा हो गए. हालात तनावपूर्ण होता देख मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक मृतक रविंद्र डनसेना जेएसडब्ल्यू स्टील प्लांट में सेंटर प्लांट साइड में डिप्टी मैनेजर के पद पर पदस्थ थे. वह तारापुर का रहने वाला था.
गुरुवार को उनकी ड्यूटी ए-शिफ्ट में लगी थी. सुबह करीब 8 बजे के आसपास वह सेंटर साइड क्षेत्र में काम कर रहे थे.
इसी दौरान प्लांट परिसर में अचानक हादसे का शिकार हो गए. उसे जमीन पर गिरा देखकर वहां काम कर रहे साथी कर्मचारियों ने तुरंत इसकी जनकारी प्रबंधन को दी.
गंभीर हालत में उसे जिंदल अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
साथी कर्मचारियों का कहना है कि रविंद्र की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी.
भूपदेवपुर पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में रविंद्र के कपड़ों पर कीचड़ के निशान पाए गए हैं.
हालांकि अभी तक इसकी जानकारी बाहर नहीं आई है कि रविंद्र किस हादसे का शिकार हुआ है. क्या वह मशीनरी हादसे की चपेट में आ गया या कोई अन्य हादसा हुआ है.
बताया गया कि मृतक तारापुर के पूर्व सरपंच राजू डनसेना के भाई थे. शव को फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की सही वजह की जानकारी मिल पाएगी.
घटना की जानकारी मिलते ही रविंद्र के परिजन और स्थानीय लोग काफी संख्या में प्लांट पहुंच गए, लेकिन उन्हें बाहर ही रोक दिया गया. परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना ना हो इसे देखते हुए प्लांट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.
दूसरी ओर जेएसडब्ल्यू स्टील प्लांट प्रबंधन ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.