राजा मस्वाती: 30 रानियां,निजी जेट और रोल्स रॉयस की चमक,देश गरीब
नई दिल्ली । डेस्क: अफ्रीका के छोटे से देश ईस्वातिनी (पूर्व स्वाजीलैंड) के राजा मस्वाती तृतीय का जीवन वैभव से भरा है, जबकि उनके 1.1 मिलियन नागरिकों का जीवन दर्दनाक है. 1986 से शासन कर रहे इस राजा के पास 30 पत्नियां (कुछ रिपोर्ट्स में 15) और 30-35 से अधिक संतानें हैं. उनके 100 नौकरों वाला विशाल परिवार हर साल नई रानी का स्वागत करता है.
राजा की विलासिता की मिसाल है उनका निजी जेट, जो बिना इसके विदेश यात्रा अधूरी मानी जाती है. उनके गैरेज में रोल्स रॉयस से लेकर कई विदेशी लग्जरी कारें सजी हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने पत्नियों को करोड़ों रुपये की रोल्स रॉयस गिफ्ट कीं. उनकी निजी संपत्ति 1 अरब डॉलर से ज्यादा बताई जाती है, जिसमें निर्माण, पर्यटन, कृषि और टेलीकॉम कंपनियों के शेयर शामिल हैं.
हाल ही में वायरल एक पुराने वीडियो ने फिर सुर्खियां बटोरीं. इस साल 10 जुलाई को राजा और उनका परिवार निजी जेट से अबू धाबी पहुंचे. पारंपरिक चीतेदार पोशाक में राजा उतरते दिखे, जिनके ऊपरी शरीर नग्न था, जबकि रानियां चटख दरे रंग-बिरंगे परिधानों में. 100 नौकरों ने सामान और लॉजिस्टिक्स संभाला. इस भव्य आगमन से अबू धाबी एयरपोर्ट के तीन टर्मिनल बंद हो गए और अस्थायी लॉकडाउन लगा. यात्रा का मकसद व्यापारिक चर्चाएं थीं, लेकिन सोशल मीडिया पर राजा की जिंदगी ने बहस छेड़ दी.
ईस्वातिनी की सच्चाई कड़वी है. विश्व बैंक के अनुसार, 2021 में बेरोजगारी 23% से बढ़कर 33.3% हो गई. 60% आबादी गरीबी रेखा से नीचे जी रही है. स्वास्थ्य व्यवस्था में दवाओं की कमी, शिक्षा में फंडिंग का अभाव – छात्र मिड-वे ड्रॉपआउट करने को मजबूर. दुनिया में सबसे ज्यादा एचआईवी दर यहां है – 27% आबादी (लगभग 2.1 लाख लोग) प्रभावित. लिंग असमानता और अधिकारों की कमी आम है, जबकि मीडिया पर सेंसरशिप लगी हुई.
परंपरा के मुताबिक, राजा हर साल अगस्त-सितंबर में 'रेड डांस' उत्सव में हजारों कुमारी लड़कियों में से एक नई दुल्हन चुनते हैं. उनके पिता सोभुजा द्वितीय के पास 70-125 पत्नियां और 210+ संतानें थीं. राजाओं को 'द लायन' कहा जाता है. 2018 में स्वतंत्रता के 50 साल पूरे होने पर राजा ने देश का नाम ईस्वातिनी (स्वाजी लोगों की भूमि) रखा, ताकि स्विट्जरलैंड से कन्फ्यूजन न हो.
सोशल मीडिया पर आलोचना की बाढ़ आई. यूजर्स बोले, "जब राजा जेट में उड़ान भर रहे हैं, तब उनके लोग भूख से मर रहे." कई ने परिवार को "एक पूरा गांव" कहा. बिजली तक पूरे देश में नहीं पहुंची, फिर भी राजा की शादियां और गिफ्ट्स पर फिजूलखर्ची जारी. ईस्वातिनी दुनिया का आखिरी निरंकुश राजतंत्र है, जहां राजपरिवार की संपत्ति राष्ट्र की होकर भी जनता तक नहीं पहुंच पाती है.