रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

27 साल बाद सुनीता विलियम्स रिटायर, नासा से नहीं मिलेगी पेंशन

C

CG Khabar

27 जन. 2026, 03:14 AM 2 मिनट में पढ़ें 11

सुनीता विलियम्स
सुनीता विलियम्स

नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय मूल की मशहूर अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने 27 वर्षों की लंबी और ऐतिहासिक सेवा के बाद नासा से औपचारिक रूप से सेवानिवृत्ति ले ली है. 60 वर्षीय सुनीता ने 27 दिसंबर 2025 को रिटायरमेंट लिया, जिसकी जानकारी अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने 20 जनवरी को एक बयान जारी कर दी. 


खास बात यह है कि नौकरी के दौरान नासा से वेतन और तमाम सुविधाएं पाने वाली सुनीता को रिटायरमेंट के बाद नासा से सीधे पेंशन नहीं मिलेगी.

विज्ञापन


अमेरिकी कानून के अनुसार, सुनीता विलियम्स को फेडरल एम्प्लॉइज रिटायरमेंट सिस्टम (FERS) के तहत पेंशन दी जाएगी. यह पेंशन उनकी कुल सेवा अवधि और अंतिम तीन वर्षों के औसत वेतन के आधार पर तय की जाती है. 


27 साल की सेवा और जनरल शेड्यूल (GS-15) पे ग्रेड को देखते हुए विशेषज्ञों का अनुमान है कि सुनीता को सालाना लगभग 43,200 डॉलर, यानी भारतीय मुद्रा में करीब 35 लाख रुपये पेंशन के रूप में मिल सकते हैं.


हालांकि पेंशन की सटीक राशि सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन पेंशन के अलावा सुनीता को अमेरिकी सोशल सिक्योरिटी बेनिफिट, स्वास्थ्य बीमा, जीवन बीमा और उनके थ्रिफ्ट सेविंग्स प्लान से भी नियमित आर्थिक सहायता मिलेगी.


गुजरात के मेहसाणा जिले के झूलासन गांव से जुड़े पारिवारिक मूल वाली सुनीता विलियम्स ने 1998 में नासा के अंतरिक्ष यात्री के रूप में करियर शुरू किया था. इससे पहले वे अमेरिकी नौसेना में कैप्टन रहीं और 40 से अधिक विमानों में 4,000 घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव हासिल किया.


सुनीता ने अपने करियर में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए तीन मिशन पूरे किए और कुल 608 दिन अंतरिक्ष में बिताए, जो नासा के इतिहास में दूसरा सबसे लंबा समय है. उन्होंने 9 स्पेसवॉक किए और अंतरिक्ष यान के बाहर 62 घंटे 6 मिनट बिताए जो किसी महिला अंतरिक्ष यात्री के लिए रिकॉर्ड है.


उनका अंतिम मिशन 2024 में बोइंग स्टारलाइनर के जरिए हुआ था, जो तकनीकी खराबी के चलते 10 दिनों के बजाय 286 दिनों तक खिंच गया. मार्च 2025 में पृथ्वी पर लौटने के एक साल के भीतर ही उन्होंने संन्यास ले लिया.


मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सुनीता विलियम्स की कुल संपत्ति लगभग 50 मिलियन डॉलर से अधिक आंकी जाती है. अंतरिक्ष विज्ञान में उनका योगदान न सिर्फ नासा बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP