माओवाद के बाद अब आतंकी मॉड्यूल और 'स्लीपर सेल्स' निशाने पर
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश से माओवाद को जड़ से मिटाने के अपने लक्ष्य की दिशा में बड़ी सफलता हासिल करने का दावा किया है. संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण में आंकड़ों के साथ सरकार की उपलब्धियां साझा करते हुए शाह ने बताया कि 31 मार्च तक माओवाद को समाप्त करने के संकल्प में केंद्र को व्यापक कामयाबी मिली है.
गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, अब माओवादी गतिविधियां केवल छत्तीसगढ़ के तीन जिलों तक सिमट कर रह गई हैं. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, सुरक्षा बलों के दबाव और प्रभावी पुनर्वास नीति के चलते पिछले एक दशक में 10,000 से अधिक माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, जिनमें से 2,300 ने पिछले साल और लगभग 700 ने इस साल हथियार डाले हैं.
माओवाद पर लगाम कसने के बाद अब मोदी सरकार का अगला मुख्य निशाना सीमा पार से संचालित होने वाले आतंकी मॉड्यूल और 'स्लीपर सेल्स' हैं.
गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की आईएसआई (ISI) के साथ-साथ अब चीन की खुफिया एजेंसी एमएसएस (MSS) और बांग्लादेशी आतंकी समूहों की साजिशों को नाकाम करने के लिए एक अभेद्य काउंटर-इंटेलिजेंस (CI) नेटवर्क तैयार किया गया है. सरकार ने विदेशी एजेंटों और उनके हैंडलर्स की गिरफ्तारी के साथ-साथ त्वरित कानूनी कार्रवाई और चार्जशीट दाखिल करने पर विशेष जोर देने का निर्णय लिया है.
दोबारा जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही अमित शाह आंतरिक सुरक्षा के लिए एक मजबूत खुफिया तंत्र विकसित करने में जुटे हैं, ताकि विदेशी शक्तियों द्वारा पोषित किसी भी आतंकी नेटवर्क को पनपने से पहले ही ध्वस्त किया जा सके.