डोलाचार से कृषि भूमि हुई बंजर, प्राकृतिक नाला बर्बाद
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में संचालित एक निजी कंपनी पर ग्रामीणों ने जल संरक्षण अधिनियमों की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी से निकलने वाले ठोस अपशिष्ट डोलाचार (ईएसपी) के कारण आसपास के इलाके की कृषि भूमि बंजर हो रही है.
साथ ही कंपनी द्वारा लापरवाही बरतते हुए कंपनी से करीब 100 मीटर की दूरी पर ही प्राकृतिक नाले में डोलाचार फेंका जा रहा है, जिससे नाला खराब हो गया है.
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि कंपनी के मालिक ने जिला प्रशासन को भी गुमराह करते हुए कागजों में फैक्ट्री से निकलने वाले डोलाचार का परिवहन करने की झूठी जानकारी दी है.
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शासन-प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद भी फैक्ट्री के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है.
रायकोट के ग्रामीणों का कहना है कि बस्तर जिले के रायकोट में स्थित व्रज मैटालिक्स प्राइवेट लिमिटेड स्पंज आयरन ओर कंपनी ने प्राकृतिक जल स्रोत और नाले को ईएसपी (डोलाचार) डालकर बंद कर दिया है. जबकि सालों से यहां प्राकृतिक जल स्रोत था जिसका पानी किसान अपने खेतों के साथ-साथ निस्तारी के उपयोग में करते थे.
ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी द्वारा स्पंज आयरन ओर तैयार करने वाली कंपनी के द्वारा फैक्ट्री से निकलने वाले ईएसपी डोलाचार को इस प्राकृतिक नाला में पिछले कई महीनों से फेंका जा रहा है.
हर दिन ट्रकों में भरकर डोलाचार लाया जाता है और गांव के नाले में डाला जा रहा है. इसकी जानकारी किसी को ना लगे इसके लिए ऊपर से मिट्टी डाल दिया जाता है.
इसका लगातार विरोध करने के बावजूद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है.
इधर पहली बार जांच में पहुंची टीम को इस फैक्ट्री के कर्मचारियों ने गुमराह कर गांव में प्रवेश करते ही एक अन्य नाले को दिखा दिया था.
इसलिए कंपनी पर कड़ी कार्रवाई नहीं हो सकी, सिर्फ जुर्माना भर ही लगाया गया था. अब कलेक्टर ने दूसरी बार जांच के आदेश जारी किए हैं. पंचायत से नहीं ली अनुमति
इस संबंध में ग्राम पंचायत के पूर्व सचिव का कहना है कि फैक्ट्री के द्वारा डोलाचार डंप करने के लिए पंचायत से कोई अनुमति नहीं ली गई है. जहां डोलाचार फेंका जा रहा है वह पंचायत की जमीन है. साथ ही वहां सालों से प्राकृतिक नाला है लेकिन फैक्ट्री के मालिक अपनी मनमानी करते हुए डोलाचार फेक रहे हैं.
उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा प्राकृतिक नाला को प्रभावित करने के साथ डोलाचार का ढेर बना दिया गया है. जिसकी वजह से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
इस मामले में बस्तर कलेक्टर एस. हरीश का कहना है कि ग्रामीणों की शिकायत पर मामले की जांच कराई गई थी. मामला सही पाए जाने पर 1 लाख 20 हजार का जुर्माना भी संबंधित कंपनी पर लगाया गया था. नाले में दोबारा डोलाचार डंप करने की जानकारी मिली है जिसकी जांच कराई जाएगी और जांच में दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी. तोकापाल एसडीएम और पर्यावरण विभाग टीम के साथ जांच टीम बनाई जाएगी. प्राकृतिक नाले को पाटा गया है तो उसका सुधार कार्य भी संबंधित कंपनी से करवाया जाएगा.
क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी शैलेश पिस्दा ने कहा है कि मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है. यदि उक्त बातें सही पाई जाती हैं तो पर्यावरण संरक्षण मंडल के द्वारा उचित कार्रवाई उक्त कंपनी पर की जाएगी.