बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

अजित डोभाल ने किया खुलासा न मोबाइल इस्तेमाल करता हूं, न इंटरनेट

C

CG Khabar

11 जन. 2026, 07:14 PM 2 मिनट में पढ़ें 17

अजित डोभाल
अजित डोभाल

नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि वे अपने दैनिक कार्यों में न तो मोबाइल फोन का उपयोग करते हैं और न ही इंटरनेट का. ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026’ के उद्घाटन समारोह में प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान उन्होंने यह बात कही.


भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में जब उनसे पूछा गया कि क्या वे सचमुच मोबाइल फोन और इंटरनेट से दूरी बनाए रखते हैं, तो डोभाल ने स्पष्ट रूप से कहा, “यह सच है कि मैं इंटरनेट का उपयोग नहीं करता.” उन्होंने आगे बताया कि सामान्यतः वे फोन भी इस्तेमाल नहीं करते, हालांकि पारिवारिक मामलों या विदेशों में लोगों से बात करने की आवश्यकता होने पर फोन का सहारा लेते हैं. 

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि संचार के और भी कई माध्यम हैं, जिनके बारे में आम लोग नहीं जानते.


अजीत डोभाल भारत के पांचवें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हैं. केरल कैडर के सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी डोभाल दशकों तक खुफिया, आंतरिक सुरक्षा और आतंकवाद-रोधी अभियानों से जुड़े रहे हैं. 


1945 में उत्तराखंड में जन्मे डोभाल ने 1968 में भारतीय पुलिस सेवा जॉइन की थी और साहस के लिए ‘कीर्ति चक्र’ पाने वाले वे सबसे कम उम्र के पुलिस अधिकारी रहे हैं.


अपने करियर में उन्होंने मिजोरम, पंजाब और पूर्वोत्तर भारत में उग्रवाद-रोधी अभियानों में अहम भूमिका निभाई. 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक और 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक जैसे बड़े राष्ट्रीय सुरक्षा फैसलों में भी उनकी भूमिका निर्णायक रही है. 


इसके अलावा डोकलाम गतिरोध और भारत की आंतरिक सुरक्षा नीति के निर्माण में भी वे प्रमुख रहे हैं.


1999 के कंधार IC-814 विमान अपहरण संकट के दौरान अजीत डोभाल वार्ता दल का हिस्सा थे और 1971 से 1999 के बीच कई विमान अपहरण मामलों को संभाल चुके हैं. वे पाकिस्तान में वर्षों तक गुप्त रूप से भी काम कर चुके हैं.


गौरतलब है कि पिछले साल सरकार की फैक्ट-चेक एजेंसी ने अजीत डोभाल के नाम से चलाए जा रहे एक फर्जी फेसबुक पोस्ट का खंडन किया था. 


प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो ने साफ किया था कि डोभाल का कोई आधिकारिक फेसबुक अकाउंट नहीं है और उनके नाम व तस्वीर से साझा की गई पोस्ट पूरी तरह फर्जी थी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP