सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक का निधन

C

CG Khabar

13 मई 2026, 11:19 AM 4 मिनट में पढ़ें 14

प्रतीक का निधन
प्रतीक का निधन

लखनऊ | डेस्क : समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का निधन हो गया है. बुधवार सुबह हुई इस घटना ने राजनीतिक गलियारों से लेकर सामाजिक जगत तक हर किसी को स्तब्ध कर दिया. महज 38 वर्ष की उम्र में प्रतीक की मौत से परिवार और करीबी लोग सकते में हैं.


जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजे प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई. उनकी पत्नी अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट उन्हें तत्काल लखनऊ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल पहुंचने तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

विज्ञापन


सिविल अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. डीसी पांडेय ने बताया कि जब प्रतीक को अस्पताल लाया गया, तब उनकी पल्स पूरी तरह डाउन थी और हृदय ने काम करना बंद कर दिया था. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.


पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कार्डिएक अरेस्ट और पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म की पुष्टि


प्रतीक यादव के शव का पोस्टमॉर्टम लखनऊ मेडिकल कॉलेज में कराया गया. प्रारंभिक रिपोर्ट में कार्डिएक अरेस्ट को मौत की मुख्य वजह बताया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, उनके फेफड़ों में बड़ी मात्रा में खून के थक्के जमा हो गए थे. इसी वजह से हृदय और फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया.


मेडिकल विशेषज्ञों ने बताया कि यह स्थिति पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म कहलाती है. इसमें शरीर के किसी हिस्से में बने खून के थक्के फेफड़ों की नसों में पहुंचकर ब्लड सर्कुलेशन रोक देते हैं. 


यह बेहद खतरनाक स्थिति होती है, जिसमें मरीज को अचानक सांस लेने में दिक्कत, सीने में दर्द और हार्ट फेल होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं.


डॉक्टरों ने फेफड़ों और हृदय से मिले खून के थक्कों के नमूने आगे की जांच के लिए सुरक्षित रखे हैं. साथ ही शरीर के अंदरूनी अंगों को भी केमिकल परीक्षण के लिए प्रीजर्व किया गया है. 


विसरा रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की और विस्तृत जानकारी सामने आ सकती है.


पहले भी गंभीर रूप से बीमार हुए थे प्रतीक


सूत्रों के अनुसार, 30 अप्रैल को भी प्रतीक यादव की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ी थी. उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों की निगरानी में तीन दिन तक उनका इलाज चला. 


हालत में कुछ सुधार होने के बाद वे अस्पताल से बिना औपचारिक छुट्टी लिए घर लौट आए थे.


डॉक्टरों ने तब भी उन्हें फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारी पल्मोनरी एम्बोलिज्म से पीड़ित बताया था. 


माना जा रहा है कि बीमारी पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पाई और बाद में यह जानलेवा साबित हुई.


परिवार और समर्थकों की भीड़, अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे नेता


प्रतीक यादव का शव पोस्टमॉर्टम के बाद उनके आवास लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक पहुंचे. समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी परिवार को सांत्वना देने पहुंचे.


डिंपल यादव, शिवपाल सिंह यादव समेत कई बड़े नेताओं ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. इस दौरान माहौल बेहद भावुक रहा.


घटना की सूचना मिलते ही अखिलेश यादव भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे. उन्होंने छोटे भाई के पार्थिव शरीर को देखा और कुछ देर तक अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों से बातचीत की. बाहर निकलते समय उन्होंने कहा कि परिवार इस दुख की घड़ी में बेहद टूट चुका है और आगे जो निर्णय परिवार करेगा, वही माना जाएगा.


असम से लौटीं अपर्णा यादव


घटना के समय अपर्णा यादव असम में थीं. वे मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने गई थीं. 


पति के निधन की खबर मिलते ही उन्होंने अपना कार्यक्रम बीच में छोड़ा और तुरंत लखनऊ रवाना हो गईं. एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सीधे अपने घर पहुंचीं.


करीबी सूत्रों के अनुसार, परिवार के सदस्य लगातार उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे हैं. प्रतीक और अपर्णा की दो बेटियां हैं.


निजी जीवन भी चर्चा में रहा


प्रतीक यादव का निजी जीवन भी समय-समय पर चर्चा में रहा. उन्होंने करीब 14 साल पहले अपर्णा यादव से प्रेम विवाह किया था. दोनों की जोड़ी राजनीतिक और सामाजिक हलकों में काफी चर्चित रही.


हालांकि, इसी साल जनवरी में प्रतीक ने सोशल मीडिया पर अपर्णा से अलग होने की बात कही थी. उन्होंने सार्वजनिक रूप से वैवाहिक तनाव का जिक्र करते हुए तलाक लेने की घोषणा की थी. 


लेकिन कुछ दिनों बाद दोनों के बीच सुलह हो गई. बाद में प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर अपर्णा के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा था- “All is Good” यानी “सब अच्छा है.”


राजनीति से दूरी, बिजनेस में सक्रिय थे प्रतीक


प्रतीक यादव राजनीति से दूरी बनाकर रखते थे. उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी और फिटनेस व रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हुए थे. वे अपने फिटनेस प्रेम और बॉडीबिल्डिंग शौक के कारण सोशल मीडिया पर भी चर्चित रहते थे.


वे मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के बेटे थे. बाद में मुलायम सिंह यादव ने सार्वजनिक रूप से प्रतीक को अपना पुत्र स्वीकार किया था.


फिलहाल परिवार अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा है. समर्थकों और शुभचिंतकों का लगातार आवास पर पहुंचना जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे
देश-विदेश

मल्लिकार्जुन खरगे के 'खुशियों की ईद' टिप्पणी पर हमलावर हुई BJP, कांग्रेस का पलटवार

3 घंटे पहले

शेख हसीना को नया पारसपोर्ट देने से बांग्लादेश का इंकार
देश-विदेश

बांग्लादेश का शेख हसीना को पासपोर्ट देने से इनकार, भारत से मांगी प्रत्यर्पण

3 घंटे पहले

आग- सांकेतिक फोटो
देश-विदेश

मध्य प्रदेश: सीवनी और कटनी में भयावह आग लगने से 2 महीने के मासूम सहित 12 लोगों की मौत

4 घंटे पहले

कोल्हापुर में किसानों की रैली
देश-विदेश

गोकुल डेयरी में बहुमत का गणित बदलने वाले अध्यादेश पर कोल्हापुर में फूटा आक्रोश

9 घंटे पहले

चित्रकूट में सड़क हादसा
देश-विदेश

झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर पलटी श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली, 6 की मौत और 12 घायल

9 घंटे पहले

एनवीडिया सीईओ जेंसन हुआंग
देश-विदेश

जासूसी और अनैतिक संबंधों के दावों पर जेंसन हुआंग की जांच

10 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP