पान की पीक के दाग वाले फाइल होंगे रद्द- इलाहाबाद हाई कोर्ट
लखनऊ । डेस्क: इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने इस सप्ताह एक याचिका की सुनवाई के दौरान सख्त निर्देश जारी किया है. कोर्ट ने कहा है कि अब से पान की पीक के दाग वाली फाइलों को स्वीकार नहीं किया जाएगा.
कुछ रजिस्ट्री कर्मचारियों की 'अत्यंत अस्वास्थ्यकर' आदत पर गंभीर चिंता जताते हुए जस्टिस प्रकाश सिंह ने यह आदेश दिया.
सोमवार को सुनवाई के दौरान जस्टिस प्रकाश सिंह ने एक फाइल को हाथ में लिया और देखा कि उसमें पान की पीक के लाल दाग मौजूद हैं. इस पर उन्होंने कड़ा रोष जताया.
कोर्ट ने देखा कि कई कर्मचारी पान या पान मसाला चबाते हुए फाइलों के पन्ने पलटते हैं, जिससे फाइलों पर लाल दाग पड़ जाते हैं. यह न केवल अस्वच्छ है, बल्कि इससे बीमारियों के संक्रमण का खतरा भी बढ़ता है.
जस्टिस प्रकाश सिंह ने कहा, "यह एक अत्यंत अस्वास्थ्यकर आदत है, जो न केवल घृणित और निंदनीय है, बल्कि इससे नागरिकों की बुनियादी समझ की कमी भी उजागर होती है."
कोर्ट ने आदेश दिया कि अब से अदालत की रजिस्ट्री और सरकारी कानूनी कार्यालय पान की पीक के दाग वाली किसी भी फाइल को स्वीकार नहीं करेंगे.
सीनियर रजिस्ट्रार और रजिस्ट्री के सभी जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे सभी कागजातों की सावधानीपूर्वक जांच करें. यदि किसी कागज पर इस तरह के दाग पाए जाते हैं, तो वह फाइल तत्काल रद्द कर दी जाएगी.