अमर्त्य सेन बंगाली भाषियों के खिलाफ बढ़ती असहिष्णुता से चिंतित
नई दिल्ली । डेस्क: नोबेल पुरस्कार विजेता और प्रख्यात अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन ने भारत में बंगाली भाषी लोगों के खिलाफ बढ़ती भाषाई असहिष्णुता पर गहरी चिंता व्यक्त की है. उन्होंने दावा किया कि बंगाली भाषी व्यक्तियों को पेशेवर बाधाओं और अपमान का सामना करना पड़ रहा है.
91 वर्षीय सेन ने शुक्रवार को 'भारत के युवा: सामाजिक अवसर जो उन्हें मिलने चाहिए' विषय पर एक सार्वजनिक चर्चा में यह बात कही.
उन्होंने मजाक में कहा कि समाचार पत्रों में पढ़ा कि बंगाली बोलने के कारण किसी को बांग्लादेश भेज दिया गया, जिससे उन्हें चिंता हुई.
उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, "मैंने सोचा कि मैं फ्रेंच में बोलूंगा, लेकिन समस्या यह है कि मुझे फ्रेंच नहीं आती."
सेन ने भारतीय सभ्यता की विविधता पर जोर देते हुए कहा कि बंगाली, पंजाबी सहित हर सांस्कृतिक पहचान को सम्मान देना चाहिए.
उन्होंने कहा, "मैं यह नहीं कह रहा कि बंगाली संस्कृति और सभ्यता सबसे बेहतर है, लेकिन हमें बंगाली भाषा, संस्कृति और सभ्यता के इतिहास को उजागर करना होगा. बंगाली संस्कृति के लिए सम्मान होना चाहिए. यदि ऐसा नहीं होता, तो इसके खिलाफ विरोध होना चाहिए."
उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बीजेपी शासित राज्यों में बंगाली भाषी लोगों के साथ कथित उत्पीड़न की खबरें चिंताजनक हैं.
सेन ने यह भी उल्लेख किया कि उनके परिवार की जड़ें ढाका में हैं, और मजाक में कहा कि इस आधार पर उन्हें भी बांग्लादेश भेजा जा सकता है.
उन्होंने कहा, "मेरे पैतृक घर ढाका में है, और मुझे वहां भेजे जाने पर ज्यादा आपत्ति नहीं होगी."
सेन ने शांतिनिकेतन में जन्म लिया था. इस दौरान उन्होंने अंडरग्रेजुएट और हाई स्कूल के छात्रों के साथ भी बातचीत की.