रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

अंबिकापुर: बाल संप्रेक्षण गृह से 13 किशोर हुए फरार

C

CG Khabar

15 जुल. 2026, 03:46 AM 2 मिनट में पढ़ें 10

अंबिकापुर बाल संप्रेक्षण गृह
अंबिकापुर बाल संप्रेक्षण गृह

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुरमें बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा को धत्ता बताते हुए मंगलवार की शाम 13 अपचारी बच्चे भागने में कामयाब रहे. पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी पर सवाल उठाते हुए इन किशोरों ने परिसर के एक पुराने और कमजोर दरवाजे को निशाना बनाया. उसे पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर वे वहां से रफूचक्कर हो गए. 


घटना की भनक लगते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया और गांधीनगर थाना पुलिस के साथ आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए.

विज्ञापन


हैरान करने वाली बात यह है कि पिछले एक महीने के भीतर इस तरह की यह दूसरी बड़ी लापरवाही है. इससे पहले बीते 23 जून को भी ठीक इसी अंदाज में 13 अपचारी किशोरों ने बारिश का फायदा उठाया था और खिड़की तोड़कर भाग निकले थे. 


उस घटना के दो किशोरों का पुलिस अब तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है कि इस बीच यह नया मामला सामने आ गया.


मिली जानकारी के मुताबिक, इस बार जो 13 बच्चे फरार हुए हैं, वे सभी अलग-अलग गंभीर आपराधिक मामलों में यहां रखे गए थे. मंगलवार देर शाम उन्होंने सुनियोजित तरीके से पुराने दरवाजे पर वार किया और परिसर से बाहर निकल गए. 


फिलहाल पुलिस अलर्ट मोड पर है और फरार हुए सभी किशोरों की तलाश में आस-पास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. एक ही तर्ज पर बार-बार हो रही इन घटनाओं ने संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP