अंबिकापुर: शराब के नशे में पति ने की पत्नी की बेरहमी से हत्या
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में मणिपुर थाना इलाके के ट्रांसपोर्ट नगर कदमपारा में एक शख्स ने शराब के नशे में अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया. मंगलवार की सुबह महिला का शव संदिग्ध और अर्धनग्न हालत में बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
स्थानीय निवासियों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मणिपुर थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की.
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवा दिया है. शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर चल रही है.
वारदात के बाद से ही आरोपी पति लापता है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं. इस दुखद घटना के कारण दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है.
इस घटना पर चिंता जताते हुए मनोचिकित्सकों का कहना है कि अत्यधिक शराब का सेवन न सिर्फ इंसान को खोखला करता है, बल्कि हंसते-खेलते परिवारों को भी तबाह कर देता है. नशे की लत में व्यक्ति अपना दिमागी संतुलन खो बैठता है, जिसके चलते घरेलू हिंसा और हत्या जैसे गंभीर अपराध जन्म लेते हैं.