सोम, 16 नव. 2026

CGKhabar

अंबिकापुर: विश्वविद्यालय प्रशासन के आश्वासन पर NSUI की भूख हड़ताल खत्म

C

CG Khabar

28 जुल. 2026, 03:28 AM 2 मिनट में पढ़ें 18

NSUI hunger strike
NSUI hunger strike

अंबिकापुर । संवाददाता: अंबिकापुर स्थित संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय और राजीव गांधी पीजी कॉलेज में व्याप्त अव्यवस्थाओं तथा विभिन्न छात्र समस्याओं को लेकर चल रहा एनएसयूआई का दो दिवसीय क्रमिक अनशन सोमवार को समाप्त हो गया. विश्वविद्यालय प्रशासन और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मांगों पर त्वरित व सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाए जाने के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन वापस लेने का निर्णय लिया.


इस आंदोलन को राजनीतिक गलियारों से भी भारी समर्थन प्राप्त हुआ. छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव स्वयं अनशन स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं की मांगों को जायज ठहराया. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्यार्थियों के अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था के सुधार से समझौता स्वीकार्य नहीं है. यदि प्रशासन ने दिए गए वचनों पर तत्परता से अमल नहीं किया, तो कांग्रेस पार्टी छात्रों के कंधे से कंधा मिलाकर व्यापक संघर्ष करेगी. 

विज्ञापन


टीएस सिंहदेव के अलावा शफी अहमद, द्वितेंद्र मिश्रा, शैलेंद्र प्रताप सिंह और मोहम्मद इस्लाम समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने धरना स्थल पहुंचकर छात्रों की मांगों की पैरवी की.


उल्लेखनीय है कि एनएसयूआई के ज्ञान तिवारी, सिफतैन रज़ा, अभिनव काशी और गौतम गुप्ता के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने रविवार से यह क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की थी. 


संगठन ने कुल 10 प्रमुख मांगें उठाई थीं, जिनमें ऑनलाइन उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन प्रणाली को बंद कर पुरानी पारंपरिक जांच प्रक्रिया बहाल करना, फीस बढ़ोतरी पर रोक लगाना, नई शिक्षा नीति से जुड़ी पुस्तकों को तुरंत उपलब्ध कराना और छात्रों की सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर जारी करना शामिल है. 


इसके अतिरिक्त, सरगुजा विश्वविद्यालय की जर्जर सड़क का निर्माण, शिक्षकों की भर्ती में रोस्टर नियमों की उच्चस्तरीय जांच, परिसर में सीसीटीवी व पुलिस गश्त की व्यवस्था तथा जर्जर इमारतों से कक्षाओं को नए भवन में स्थानांतरित करने जैसी मांगें भी प्रमुखता से रखी गईं.


सोमवार को गतिरोध सुलझाने के लिए सरगुजा यूनिवर्सिटी के कुलसचिव एसपी त्रिपाठी और अंबिकापुर के तहसीलदार विकास जिंदल ने संयुक्त रूप से अनशन स्थल का दौरा किया. उन्होंने एनएसयूआई के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की और सभी बिंदुओं पर समयबद्ध तरीके से उचित कदम उठाने का ठोस आश्वासन दिया. 


अधिकारियों की मध्यस्थता और भरोसे के बाद ही संगठन ने हड़ताल समाप्त की, हालांकि छात्र नेताओं ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि समय सीमा के भीतर काम शुरू नहीं हुआ तो वे दोबारा उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

बालोद: ट्रामाडोल युक्त 464 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट में कार्रवाई

15 घंटे पहले

रायपुर राजेन्द्रनगर चौपाटी में आग
छत्तीसगढ़

रायपुर: राजेंद्र नगर चौपाटी में आग और सिलिंडर धमाका, लाखों का माल जलकर राख

15 घंटे पहले

सड़क दुर्घटना- कोरबा
छत्तीसगढ़

कोरबा: खड़े ट्रेलर में जा घुसी रायपुर से अंबिकापुर जा रही यात्री बस, 2 की मौत, 6 घायल

19 घंटे पहले

बाघ- फाइल फोटो
छत्तीसगढ़

महाराष्ट्र से चलकर छत्तीसगढ़ के रास्ते ओडिशा पहुंचा बाघ, कैमरा ट्रैप से खुला राज

20 घंटे पहले

नितिन नबीन- भाजपा अध्यक्ष
छत्तीसगढ़

नितिन नबीन का छत्तीसगढ़ दौरा रद्द, पटना से जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को किया संबोधित

20 घंटे पहले

मरवाही में सफेद भालू दिखा
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: मरवाही के पहाड़ों से निकलकर सड़कों पर आया दुर्लभ सफेद भालू, ग्रामीणों में दहशत

23 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP