अंबिकापुर: हाईवे पर सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला अंतर्गत अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130) पर रविवार रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई. इस भीषण हादसे से गुस्साए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर मणिपुर थाना क्षेत्र के सांडबार के पास सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया.
प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया और फरार वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी के साथ-साथ पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग की. इस विरोध प्रदर्शन के कारण मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप रही.
मिली जानकारी के अनुसार, सांडबार बैरियर का रहने वाला कमरान (20) एक स्थानीय टायर दुकान में काम करता था. रविवार शाम को सुंदरपुर निवासी अनिल कुमार गढ़वाल अपनी कार में हवा भरवाने के लिए उसी दुकान पर आए हुए थे. इसी दौरान लखनपुर की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया और टक्कर मारने के बाद चालक गाड़ी समेत मौके से भाग निकला.
दुर्घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए कमरान को जिला अस्पताल भेजा गया, पर वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं, अनिल कुमार गढ़वाल ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
इस घटना के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल है और रविवार देर रात भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लोगों ने जमकर हंगामा किया था. सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए, जिसके बाद हालात को संभालने के लिए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे.
अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराने का प्रयास किया और भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दोषी वाहन की पहचान की जा रही है और आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा. फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.