ट्रंप के टैरिफ युद्ध से बेहाल US किसान, 'बेलआउट नहीं, बाजार चाहिए'
वॉशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा घोषित 12 अरब डॉलर के कृषि सहायता पैकेज को लेकर अमेरिकी किसानों के बीच गहरा असंतोष और विभाजन नजर आ रहा है. इलिनोइस से लेकर अर्कांसस तक के सोयाबीन उत्पादकों ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यदि ट्रंप प्रशासन ने व्यापारिक भागीदारों, विशेष रूप से चीन के साथ 'टैरिफ युद्ध' शुरू नहीं किया होता, तो उन्हें आज इस सरकारी बेलआउट (राहत पैकेज) की आवश्यकता ही नहीं पड़ती.
किसानों का मानना है कि यह सहायता उनके द्वारा गंवाए गए विशाल अंतरराष्ट्रीय बाजार और कम कीमतों के मुकाबले "ऊंट के मुंह में जीरा" के समान है.
इलिनोइस के एक सोयाबीन किसान जॉन बार्टमैन ने स्थिति को "मूर्खतापूर्ण" बताते हुए कहा कि यह सहायता राशि लगभग उतनी ही है जितनी चीन एक सामान्य वर्ष में स्वाभाविक रूप से अमेरिका से सोयाबीन खरीदता था.
इसी तरह अर्कांसस के किसान रैंडल शेल्बी, जो दिवालिया होने की कगार पर हैं, ने इस पैकेज को किसानों के चेहरे पर "तमाचा" करार दिया. उन्होंने कहा कि ईंधन की बढ़ती कीमतों, उच्च ब्याज दरों और चीन जैसे बड़े खरीदार के छिन जाने से किसान कर्ज में डूबे हैं.
आंकड़ों के अनुसार, 2024 की तुलना में 2025 में कृषि दिवालियापन के मामलों में लगभग दोगुनी वृद्धि हुई है.
अमेरिकी सोयाबीन एसोसिएशन की रिपोर्ट बताती है कि किसानों को लगातार तीसरे साल भारी बाजार घाटा झेलना पड़ रहा है, और इस संकट की जड़ें ट्रंप की उन्हीं टैरिफ नीतियों में हैं जिन्हें वे अपनी सफलता बता रहे हैं.