बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में एक और जवान ने की खुदकुशी

H

Hupendra Sharma

04 अग. 2025, 07:12 AM 2 मिनट में पढ़ें 17

जवान ने की खुदकुशी
जवान ने की खुदकुशी

कोंडागांव | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक और जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है. जवान छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) में प्लाटून कमांडर के पद पर पदस्थ था.


मृतक जवान दुर्ग जिले का रहने वाला था. खुदकुशी के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. किसी तरह का सुसाइड नोट भी नहीं मिला है. 

विज्ञापन


मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार देर रात की है. जवान दिनेश सिंह चंदेल बयानार गांव स्थित सीएएफ की दूसरी बटालियन में पदस्थ था.


रविवार रात को सभी जवान अपने-अपने कैंप में थे. इसी बीच अचानक गोली चलने की आवाज आई. गोली की आवाज सुनकर कैंप में अफरा-तफरी मच गई. 


साथी जवान चंदेल के कमरे में पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़े थे. तत्काल इसकी सूचना सुरक्षा बलों ने अधिकारियों को दी.


सूचना मिलते ही सीनियर अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जवानों की मदद से चंदेल को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.


जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आला अधिकारी जांच में जुट गए हैं और जवान की आत्महत्या का कारण ढूंढ़ने में लगे हुए हैं.


कोंडागांव जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल ने बताया कि प्लाटून कमांडर के पारिवारिक कारणों से परेशान होने की खबर है. हालांकि जांच के बाद ही इस संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी. पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है. 


इससे पहले 30 जुलाई को बीजापुर जिले में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी.


जवान पप्पू यादव 22वीं बटालियन मिनगाचल में पदस्थ था. वह बिहार के भोजपुर जिले का रहने वाला था. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP