अनुपम खेर ने खुद को बताया भारतीय सिनेमा का 'मैराथन मैन'
मुंबई । डेस्क: दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने अपने शानदार फिल्मी करियर में एक और बड़ा मील का पत्थर हासिल कर लिया है. उन्होंने अपनी 550वीं फिल्म 'खोसला का घोसला 2' की शूटिंग शुरू कर दी है.
इस खास मौके पर अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपनी 43 वर्षों की लंबी यात्रा को याद किया.
अनुपम खेर ने बताया कि पिछले साल कान्स फिल्म फेस्टिवल के दौरान एक अंतर्राष्ट्रीय निर्देशक ने उनकी फिल्मों की संख्या जानकर उन्हें भारतीय सिनेमा का 'मैराथन मैन' कहा था.
3 जून 1981 को महज कुछ सपनों के साथ मुंबई पहुंचे खेर ने इस उपलब्धि के लिए ईश्वर और अपने प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया है.
उन्होंने दिल्ली में फिल्म के पहले शॉट से पहले अपनी ऊर्जा साझा करते हुए लिखा कि वह खुद को अभी करियर के 'इंटरवल' पर महसूस कर रहे हैं और उनके पास दर्शकों को देने के लिए अभी बहुत कुछ बाकी है.
अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपनी मेहनत, सकारात्मकता और दर्शकों के निरंतर प्यार को दिया है.