रायपुर में APEDA कार्यालय छत्तीसगढ़ को कृषि-निर्यात हब बनाने का कदम
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ को कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक अहम पहल के तहत कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन रायपुर में किया गया. यह उद्घाटन छत्तीसगढ़ में आयोजित द्वितीय इंडिया इंटरनेशनल राइस समिट के दौरान हुआ. कार्यक्रम में राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे.
छत्तीसगढ़ अपने समृद्ध और विविध कृषि पारिस्थितिकी तंत्र के कारण निर्यात की व्यापक संभावनाएं रखता है. राज्य में प्रीमियम नॉन-बासमती चावल की किस्में और जीआई-टैग प्राप्त जीराफूल चावल तथा नागरी दुबराज चावल जैसे विशिष्ट उत्पाद उपलब्ध हैं.
इसके अलावा अमरूद, केला, ड्रैगन फ्रूट, कटहल, सीताफल, टमाटर और खीरा जैसी फल-सब्जियां तथा महुआ, इमली, औषधीय एवं जड़ी-बूटी आधारित वन उत्पाद राज्य के वैश्विक बाजार में अवसरों को और मजबूत करते हैं.
रायपुर में APEDA क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना से किसानों, किसान उत्पादक संगठनों, सहकारी समितियों और निर्यातकों को निर्यात पंजीकरण, परामर्श, बाजार जानकारी, प्रमाणन सहायता, निर्यात सुविधा, अवसंरचना विकास और बाजार संपर्क जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी.
हाल ही में इसी कार्यालय के माध्यम से छत्तीसगढ़ से फोर्टिफाइड राइस कर्नेल्स का निर्यात कोस्टा रिका और पापुआ न्यू गिनी तक किया गया है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि APEDA कार्यालय का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के किसानों को वैश्विक अर्थव्यवस्था से जोड़ने का मिशन है. उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य उच्च मूल्य और टिकाऊ कृषि निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएगा.
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल का धन्यवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार APEDA और वाणिज्य विभाग को हरसंभव सहयोग देगी.
APEDA क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन इंडिया इंटरनेशनल राइस समिट के दूसरे संस्करण के दौरान हुआ, जिसका आयोजन छत्तीसगढ़ राइस एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ने APEDA सहित अन्य संस्थाओं के सहयोग से किया.
इसी अवसर पर दो दिवसीय चिंतन शिविर का भी समापन हुआ, जिसमें ऑर्गेनिक चावल और जीआई-टैग प्राप्त नॉन-बासमती चावल के निर्यात को बढ़ावा देने पर विशेष सत्र आयोजित किए गए.
गौरतलब है कि APEDA (कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण) भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत एक वैधानिक संस्था है, जिसकी स्थापना 1985 में APEDA अधिनियम के तहत की गई थी. इसका मुख्य उद्देश्य कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देना है.
APEDA किसानों, निर्यातकों और उत्पादक संगठनों को निर्यात पंजीकरण, गुणवत्ता प्रमाणन, बाजार जानकारी, तकनीकी सलाह, अवसंरचना विकास तथा अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने में सहायता करता है.
चावल, फल-सब्जियां, प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ, जैविक उत्पाद और पशु उत्पाद जैसे कई कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने में APEDA की अहम भूमिका है.