सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

आरंग: हाईवा की चपेट में आए एक परिवार के 3 सदस्यों की दर्दनाक मौत

C

CG Khabar

16 जन. 2026, 02:42 PM 2 मिनट में पढ़ें 10

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे आरंग इलाके में नेशनल हाईवे-53 पर मूरूम से लदा एक तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.


मृतकों की पहचान श्रवण जलक्षत्री, उनके बेटे मंगलू जलक्षत्री और छह साल के पोते तिलक जलक्षत्री के रूप में हुई है. तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे और महानदी की ओर मछली पकड़ने जा रहे थे. 

विज्ञापन


टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक पर सवार सभी लोग सड़क पर दूर उछल गए और हाईवा का पहिया उनके शरीर के ऊपर से गुजर गया. हादसे के बाद हाईवे पर खून के छींटे और बाइक के टुकड़े बिखरे पड़े थे, जिससे भयावह मंजर पैदा हो गया.


हादसे के तुरंत बाद हाईवा चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला. सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और ट्रक को जब्त कर लिया. पुलिस ने फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है तथा मामला दर्ज कर लिया है.


इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया है. गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने कुछ देर के लिए हाईवे जाम कर दिया और भारी वाहनों की लापरवाही पर विरोध जताया. पुलिस की समझाइश के बाद जाम हटाया गया.


आसपास के निवासियों का कहना है कि NH-53 पर ओवरलोडेड और तेज रफ्तार ट्रकों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं. 


उन्होंने प्रशासन से सख्त नियंत्रण, स्पीड लिमिट और सुरक्षा इंतजामों को बढ़ाने की मांग की है. यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों के संचालन में लापरवाही के गंभीर मुद्दों को उजागर करता है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP