पद्मश्री फूलबासन बाई यादव के अपहरण की कोशिश नाकाम
राजनांदगांव । डेस्क: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में मंगलवार, 5 मई को प्रसिद्ध समाज सेविका और पद्मश्री प्राप्तकर्ता फूलबासन बाई यादव के अपहरण की एक सनसनीखेज कोशिश को पुलिस की तत्परता ने नाकाम कर दिया. इस मामले में पुलिस ने एक मुख्य आरोपी महिला सहित कुल तीन लोगों को हिरासत में लिया है.
घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है, जब बेमेतरा की रहने वाली खुशबू साहू नामक महिला फूलबासन बाई से मिलने उनके गांव सुकुलदैहान पहुंची. आरोपी ने झांसा देते हुए कहा कि बाहर कार में एक दिव्यांग महिला बैठी है जो उनके साथ सेल्फी लेना चाहती है. जैसे ही फूलबासन बाई कार के पास पहुंचीं और अंदर बैठीं, आरोपी वाहन लेकर फरार हो गए.
बताया जा रहा है कि अपहरणकर्ताओं ने कार के भीतर उनके हाथ बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया.
किडनीपरों की यह योजना तब धरी की धरी रह गई जब राजनांदगांव-खैरागढ़ रोड पर चिखली पुलिस चौकी के पास ट्रैफिक पुलिस ने नियमित जांच के लिए उनकी कार को रोका.
पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने फूलबासन बाई को मिर्गी का मरीज बताया, लेकिन ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने उन्हें पहचान लिया और तुरंत रेस्क्यू किया.
शहर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो ने बताया कि मुख्य आरोपी खुशबू साहू खुद एक स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी है और पिछले चार महीनों से यादव के संपर्क में थी.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बेमेतरा क्षेत्र में रोजगार प्रशिक्षण के नाम पर अवैध वसूली और समूहों को गुमराह करने का खेल चल रहा था. फिलहाल पुलिस अपहरण के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पूछताछ कर रही है.
फूलबासन बाई यादव, जिन्हें 2012 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था, छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण और स्वयं सहायता समूह आंदोलन का एक बड़ा चेहरा हैं. उनका नेटवर्क लगभग दो लाख महिलाओं से जुड़ा है, जो सामाजिक सेवा और जैविक खेती जैसे कार्यों में सक्रिय हैं.