बलूचिस्तान संकट: चीन की एंट्री की आशंका, भारत से मदद मांगी
इस्लामाबाद । डेस्क: पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं. बलूच विद्रोही संगठनों के एकजुट हमलों से दबाव में आई पाकिस्तानी सेना अब चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) की मदद लेने की तैयारी कर रही है. बलूच मानवाधिकार आंदोलन के नेता और स्वतंत्रतावादी लेखक मीर यार बलूच ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर चेतावनी दी है कि फरवरी से बलूचिस्तान में चीनी सेना की तैनाती शुरू हो सकती है.
अपने पत्र में मीर यार बलूच ने कहा है कि यदि आने वाले महीनों में बलूच स्वतंत्रता सेनानियों के प्रतिरोध को मजबूत नहीं किया गया, तो चीन बलूचिस्तान में सैन्य कब्जा कायम कर सकता है.
उन्होंने इसे न सिर्फ बलूचिस्तान के लगभग छह करोड़ लोगों के लिए, बल्कि भारत की सुरक्षा के लिए भी खतरनाक बताया है. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारत के समर्थन में खुलकर सामने आए मीर यार बलूच ने इस संकट की घड़ी में नई दिल्ली से सहयोग की अपील की है.
बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा और प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर प्रांत है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) के नाम पर उसके संसाधनों की बड़े पैमाने पर लूट हो रही है.
पश्चिमी चीन के शिनजियांग प्रांत के काशगर से शुरू होकर लगभग 1,300 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर कराकोरम होते हुए बलूचिस्तान के ग्वादर बंदरगाह तक जाता है, जो व्यावहारिक रूप से चीनी नियंत्रण में है.
‘बलूच नेशनलिस्ट आर्मी’ (BNA) और ‘बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी’ (BLA) जैसे सशस्त्र संगठनों का आरोप है कि इसी रास्ते के जरिए इस्लामाबाद और बीजिंग बलूचिस्तान के खनिज और समुद्री संसाधनों का दोहन कर रहे हैं.
हाल ही में ग्वादर तट पर स्थानीय मछुआरों को समुद्र में मछली पकड़ने से रोके जाने के आरोप भी सामने आए हैं, जिससे जनाक्रोश और बढ़ गया है.
इतिहास की पृष्ठभूमि भी इस संघर्ष को और गहरा बनाती है. 11 अगस्त 1947 को रियासत कलात ब्रिटिश शासन से मुक्त हुई थी और 12 अगस्त को स्वतंत्रता की घोषणा की गई थी, लेकिन यह आज़ादी सिर्फ सात महीने ही टिक सकी.
27 मार्च 1948 को पाकिस्तानी सेना ने बलूचिस्तान पर कब्जा कर लिया. बलूच लोग आज भी उस दिन को ‘पराधीनता दिवस’ के रूप में याद करते हैं. इसके बाद के दशकों में राज्य दमन, सशस्त्र संघर्ष और हजारों लोगों के लापता होने के आरोप लगते रहे हैं.
‘बलूचिस्तान के गांधी’ कहे जाने वाले दिवंगत नेता अब्दुल कादिर बलूच भी पहले भारत से 1971 की तरह नैतिक और कूटनीतिक समर्थन की अपील कर चुके थे. अब एक बार फिर, चीन की संभावित सैन्य मौजूदगी के खतरे के बीच, बलूच स्वतंत्रता आंदोलन ने भारत की ओर उम्मीद भरी नजरों से देखा है.