बलरामपुर: नदी में डूबने से 8वीं के छात्र की मौत
बलरामपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में रामचंद्रपुर विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम विजयनगर में एक 12 वर्षीय बच्चे की नदी में डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान विनोद यादव के रूप में हुई है, जिसने इसी साल आठवीं कक्षा में दाखिला लिया था. वह स्थानीय अतिथि शिक्षक शिवलाल यादव का छोटा बेटा था. शनिवार दोपहर को हुए इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
जानकारी के मुताबिक, विनोद अपने घर से महज 200 मीटर की दूरी पर बहने वाली बाकी नदी में अपने कुछ दोस्तों के साथ नहाने के लिए गया था. दोपहर करीब 12 बजे नहाने के दौरान वह अचानक नदी के गहरे पानी की तरफ चला गया और खुद को संभाल नहीं पाया. उसे डूबता देख वहां मौजूद उसके एक दोस्त ने हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़कर बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गहरे पानी के तेज बहाव में विनोद का हाथ छूट गया और वह आंखों के सामने ओझल हो गया.
साथी बच्चे ने तुरंत इसकी सूचना गांव वालों को दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी की तरफ दौड़े.
हादसे की खबर मिलते ही गांव के ही पवन यादव नामक युवक ने अपनी जान की परवाह न करते हुए करीब 12 फीट गहरे पानी में छलांग लगाई. करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत और खोजबीन के बाद उन्होंने विनोद के शरीर को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.
इस बीच विजयनगर पुलिस चौकी को भी मामले की इत्तला दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
इस हृदयविदारक घटना के बाद शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने अस्पताल पहुंचे अतिथि शिक्षक संघ के संरक्षक यशपाल दुबे सहित अन्य पदाधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है.