बलरामपुर-रामानुजगंज में पेट्रोल पंपों पर तपती धूप में घंटों कतारें
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में इन दिनों ईंधन की भारी कमी के कारण हाहाकार मचा हुआ है. क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर स्टॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
पेट्रोल और डीजल की इस किल्लत ने न केवल आम जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी है, बल्कि जिले में परिवहन व्यवस्था और व्यावसायिक कामकाज को भी पटरी से उतार दिया है.
हालात यह हैं कि जिन गिने-चुने केंद्रों पर थोड़ा-बहुत तेल बचा हुआ है, वहां ईंधन भराने के लिए वाहनों का तांता लगा है.
भीषण गर्मी और तपती दोपहर के बावजूद लोग ईंधन की आस में घंटों लाइनों में खड़े रहने को विवश हैं.
आपूर्ति व्यवस्था ठप होने से नाराज स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से अब तक इस संकट से निपटने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं.
नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जिले में तेल की नियमित सप्लाई शुरू नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आवश्यक सेवाओं का संचालन पूरी तरह ठप हो सकता है.