बलरामपुर: संपत्ति विवाद में शिक्षक की धारदार हथियार से हत्या
बलरामपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में संपत्ति के लंबे समय से चले आ रहे विवाद को लेकर एक सरकारी स्कूल शिक्षक की उनके ही दो चचेरे भाइयों ने बीच रास्ते में निर्मम हत्या कर दी. यह वारदात त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के राधानगर गांव के पास सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच हुई, जब शिक्षक जयकरण जगते धमनी गांव स्थित शासकीय प्राथमिक शाला कुम्हारियापारा में ड्यूटी के लिए जा रहे थे.
पुलिस के अनुसार, रास्ते में आरोपी भाई ब्रजमोहन जगते (26) और हरिमोहन जगते (24) ने जयकरण को रोका और जमीन से जुड़े विवाद को लेकर बहस करने लगे. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों भाइयों ने धारदार हथियार से हमला कर जयकरण का गला रेत दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या की खबर फैलते ही गांव में भारी तनाव फैल गया. वारदात से आक्रोशित मृतक के परिजनों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी. इस आगजनी में घर में रखा टेलीविजन और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया, हालांकि घटना के समय घर में किसी के न होने से कोई जनहानि नहीं हुई.
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला. इलाके में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी जांच जारी है.